बहुजन समाज पार्टी के नेता दारा सिंह निषाद ने की प्रेस कांफ्रेंस
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। बहुजन समाज पार्टी के नेता दारा सिंह निषाद ने सपा के सुल्तानपुर के सांसद रामभुआल निषाद पर हत्या कराने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि 2004 में उनके भाई राजकुमार निषाद को गोली मारी गई थी। इसमें रामभुआल निषाद अभियुक्त हैं। उनका भाई गोली लगने से विकलांग हो गया। सांसद उनको धमकी दे रहे हैं कि यदि मुकदमे में सुलह नहीं करोगे तो उनका भी वही हाल होगा, जो भाई का हुआ है।
दारा निषाद ने बृहस्पतिवार को यह आरोप पत्रकार वार्ता के दौरान लगाया। उन्होंने कहा कि जब उनके भाई को गोली मारी गई थी तब रामभुआल निषाद सपा के विधायक थे। उनपर केस दर्ज नहीं हो रहा था। किसी तरह से सांसद पर 307 सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया था। केस में लगातार सुनवाई हो रही है। न्यायालय से कभी भी फैसला आ सकता है। मुकदमे में समझौते के लिए दबाव बना रहे हैं। वह कई बार धमकी दे चुके हैं। इसकी शिकायत एसएसपी से कर चुके हैं।
उन्होंने सांसद रामभुआल के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें सुरक्षा देने की मांग की। इस संबंध में सांसद रामभुआल निषाद के भाई मनोज निषाद ने कहा कि सारे आरोप बेबुनियाद व निराधार हैं। सांसद की छवि खराब करने की साजिश है। दारा निषाद के पक्ष की गवाही हो चुकी है। अब उनके खिलाफ दर्ज कराए गए मुकदमे की गवाही हो रही है। इसलिए, इस तरह का आरोप लगा रहे हैं।