एसपी सिटी डॉ. कौस्तुभ (फाइल फोटो)।
शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए एसपी सिटी डॉ. कौस्तुभ ने एक नई पहल की है। शहर के दस प्रमुख चौराहों को चिन्हित कर उसे जाम मुक्त करने का फैसला किया गया है।
चौराहे पर अतिक्रमण ना होने पाए इसके लिए लाल घेरा पुलिस खींचेगी, उस निशान के अंदर वाहन या अतिक्रमण करने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। इसकी जिम्मेदारी वहां के चौकी इंचार्ज को सौंपी गई है। मानीटरिंग के लिए एसपी सिटी ने एक अलग व्हाट्सएप ग्रुप बनाया है, जिससे निगरानी की जाएगी।
शहर का शायद ही कोई चौराहा या बाजार है, जहां जाम समस्या ना बन चुकी हो। एसपी सिटी ने इसी जाम से निजात दिलाने की एक कोशिश शुरू की है। चौराहों पर जाम की सबसे बड़ी वजह अतिक्रमण और अचानक वाहनों का रुक जाना पाया जाता है। इसे देखते हुए लाल घेरा खींचने की तैयारी की गई है। ताकि उस चौराहे पर उस घेरे के अंदर कोई वाहन या अतिक्रमण ना रहे चौराहा पूरी तरह से खाली रह सके।
एसपी सिटी ने सभी चौकी इंचार्ज को निर्देशित किया है कि वह उस समय वहां पर मौजूद रहे जिस समय जाम ज्यादा लगता हो। चौकी इंचार्ज को यह सुनिश्चित करना होगा कि लाल घेरे में अतिक्रमण ना होने पाए। इसकी शुरुआत शहर के आजाद चौक से की गई है।