घटनास्थल पर मौजूद पुलिस व परिजन
- फोटो : अमर उजाला
मेंहदावल थाना क्षेत्र के गगनई राव मोहल्ले में एक अर्धविक्षिप्त युवक ने अपने बुजुर्ग पिता की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है। युवक मौके से फरार बताया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए पुलिस ने भेजा है।
जानकारी के अनुसार, गगनई राव मोहल्ला निवासी गंगू पुत्र रामवृक्ष मानसिक तनाव से गुजर रहा है। शनिवार रात वह घर पहुंचा तो किसी बात से नाराज होकर अपने पिता रामवृक्ष से झगड़ा करने लगा। मामला आगे बढ़ा तो उसने अपने बुजुर्ग पिता रामवृक्ष (70) का गला दबा दिया। हालत बिगड़ने पर परिवार के सदस्यों ने उन्हें मेंहदावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां से स्थिति गंभीर देख जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया।
जिला अस्पताल पहुंचने से पहले रामवृक्ष की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मेंहदावल के थानेदार रामकृष्ण मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लिया गया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है। युवक के द्वारा अपने ही पिता की गला दबाकर हत्या कर दिए जाने के बाद से पूरे गांव से हंगामा मचा हुआ है।
लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं। युवक की कुछ वर्ष पहले ही शादी हुई थी। युवक के कार्यव्यवहार से परेशान होकर उसकी पत्नी ने उसे छोड़ दिया था। इसके बाद से वह मानसिक तनाव के दौर से गुजर रहा था। प्रभारी निरीक्षक मेंहदावल रामकृष्ण मिश्र ने कहा कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।