गोरखपुर शहर के बेतियाहाता में भगत सिंह चौराहे से यातायात तिराहे होते हुए बस स्टेशन तक स्मार्ट स्ट्रीट बनाई जाएगी। इस पर यातायात का संचालन बाधारहित होगा। पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ भी बनाए जाएंगे।
स्मार्ट सिटी योजना के तहत पायलट प्रोजेक्ट के रूप में इस सड़क को चुना गया है। करीब तीन किलोमीटर लंबी इस सड़क को लोक निर्माण विभाग से बनवाया जाएगा। दिल्ली की फर्म केपीएमजी ने सर्वे की शुरुआत कर दी है। लोक निर्माण विभाग जल्द ही डीपीआर तैयार करेगा। इसके निर्माण पर 50 करोड़ रुपये खर्च होने की संभावना है।
अर्बन स्ट्रीट्सकेप ऑफ रोड्स एंड जंक्शन इंप्रूवमेंट प्रोजेक्ट के तहत शहर की इस सड़क को स्मार्ट स्ट्रीट बनाया जाएगा। कुछ निर्धारित स्थानों पर बसों के शेल्टर बनाए जाएंगे, ताकि इलेक्ट्रिक बसें रुक सकें। बेतियाहाता भगत सिंह चौराहे से लेकर बस स्टेशन तक जगह-जगह अत्याधुनिक पब्लिक टॉयलेट और यूरिनल बनाए जाएंगे। सड़क के दोनों ओर नालियां बनेंगी, ताकि बारिश के दौरान पानी आसानी से नालों में चला जाए। सड़क के किनारे बैठने के लिए बेंच और पानी की व्यवस्था की जाएगी। डिजाइनयुक्त बिजली के खंभे भी लगेंगे।