गोरखपुर जिले के खोराबार इलाके के बहरामपुर पेट्रोल पंप के पास बृहस्पतिवार शाम पानीपत से बिहार जा रही स्लीपर बस के टायर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पेट्रोल पंप के टूल्लू पंप से बुझाया। इस बीच ग्रीन कॉरिडोर बनाकर अग्निशमन विभाग की गाड़ियों को भेजा गया। आग की वजह से यात्री दहशत में आ गए थे, हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ। यात्रियों को देर शाम दूसरे बस से भेजा गया।
जानकारी के मुताबिक, पानीपत से बिहार जाने के लिए 74 सीटर बस में 98 यात्री सवार थे। बस खोराबार थाना क्षेत्र के बहरामपुर के पास गुरुदेव पेट्रोल पंप के पास पहुंची थी कि अचानक उसके टायर में आग लग गई। आग लगते ही ड्राइवर ने गाड़ी को तत्काल पेट्रोल पंप पर रोक दिया। यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सभी यात्री किसी तरह बस से बाहर निकलकर जान बचाई।
घटना को देख अगल-बगल के ग्रामीण भी पहुंच गए। पेट्रोल पंप के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। पंप पर लगे टुल्लू पंप के सहारे पाइप लगाकर आग को बुझाया गया। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। करीब आधे घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। प्रभारी निरीक्षक खोराबार कल्याण सिंह सागर ने पुलिसवालों के साथ मिलकर आवागमन को सुचारु कराया।
बस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यात्रिओं की चीख पुकार के बाद किसी तरह बाहर निकला तब जाकर जान में जान आई।
- उद्देश्य पांडेय, अररिया, बिहार
काफी दिन बाद घर जा रहा था। बस में क्षमता से अधिक लोग बैठे थे। अचानक आग लगने से सभी लोग चिल्लाने लगे। अपना सामान लेकर किसी तरह नीचे भागकर जान बचाई।
- रमेश राय, बिहार
घटना के बाद बाहर निकलने के लिये बस के अंदर भगदड़ मच गई। किसी तरह से बाहर निकल सका। भगदड़ की वजह से कई लोगों को हल्की चोटें आई है।
- दुर्गा कुमार, मधुबनी
लोगों मे इस तरह घबराहट हो गई थी कि सभी किसी तरह से बस से निकलना चाह रहे थे। बस से जल्दी निकलने के चक्कर में कई लोगों को हल्की चोटें आई है।
- देवलाल सिंह, बिहार
बस के टायर में आग लगते ही तत्काल बस को रोक दिया गया। सभी यात्रियों को नीचे उतारा गया। जल्दबाजी नहीं की गई। बस में सीट से अधिक यात्री थे। यह बात सही है, लेकिन वे खुद की मर्जी से बैठे थे।
- आजाद सिंह, चालक, बागपत।