अमृत योजना के तहत सीवर लाइन बिछाने के कार्य की वजह से मंगलवार से एक महीने तक सिंघड़िया गैस गोदाम मार्ग बंद रहेगा। इसके लिए कार्यदायी संस्था जलनिगम ने यातायात विभाग ने अनुमति ले ली है।
इस दौरान लोग विकल्प के तौर पर वसुंधरा नगर होते हुए मिश्रा आरओ की गली से सिंघड़िया गैस गोदाम मार्ग पर और स्वर्ण सिटी मुख्य मार्ग से वसुंधरा नगर होते हुए मुख्य मार्ग तक आ-जा सकेंगे।
जल निगम के परियोजना प्रबंधक रतनसेन सिंह के मुताबिक जल निगम, शहर के जोन ए-1 में चल रहे सीवरेज कार्य के क्रम में मंगलवार से इस सिंघड़िया गैस गोदाम मार्ग पर सीवर लाइन बिछाने का काम शुरू कराने जा रहा है। इस मार्ग की कुल लंबाई एक हजार मीटर है।
इसमें से 650 मीटर लम्बाई में सीवर लाइन बिछाने का काम पूरा किया जा चुका है। करीब 350 मीटर लंबाई में गहरी सीवर लाइन (5 से 6 मीटर) का कार्य कराया जाना है। मार्ग की चौड़ाई कम होने की वजह से सीवर कार्य के दौरान इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद करने का निर्णय किया गया है।
बता दें कि शहर में सीवरेज योजना की शुरुआत अक्तूबर 2018 में जोन ए-1 से हुई है। 192.75 करोड़ रुपये की परियोजना पर अब तक 140.76 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। 30 नवंबर तक कार्य पूर्ण किया जाना था, लेकिन अब तक सिर्फ 78 फीसदी काम ही हो सका है।