परसामलिक थाना क्षेत्र के महदेईया में डबल मर्डर के मामले में पुलिस पर निर्दोषों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया जा रहा है। बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे से कांग्रेसी नेता विजय सिंह के नेतृत्व में लोगों ने कलेक्ट्रेट परिसर में एसपी को ज्ञापन सौंपकर उत्पीड़न रोकने की मांग की। सभी लोगों ने कहा कि दोषियों पर कार्रवाई की जाए तो बेहतर रहेगा।
कांग्रेसी नेता विजय सिंह ने कहा कि गत शुक्रवार को थाना परसामलिक में दोहरा हत्याकांड हुआ था। हत्यारोपितों को गिरफ्तार करने के बजाय पुलिस द्वारा दर्जनों लोगों को संदिग्ध बताकर पूछताछ के लिए थाने पर लाकर धनउगाही की गई। गांव के अर्जुन प्रजापति को परसामलिक पुलिस पूछताछ के लिए बुलाई।
वह 11वीं कक्षा का छात्र है। छात्र को उसके चाचा इन्द्रजीत जांच में सहयोग करने के लिए परसामलिक थाना ले गए और पूछताछ के लिए छोड़कर वापस आ गए। रात में 11.00 बजे के आसपास परिजनों के पास थाने से फोन आया कि वे अपने लड़के को ले जा सकते हैं। जब परिजन बच्चे को थाने पर लेने गए तो वह अचेत अवस्था में था।
परिजन रात में ही 12 बजे उसे सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र रतनपुर ले गए। इसी से आक्रोशित होकर लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया था। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में पुलिस निष्पक्ष करें तो बेहतर रहेगा। एसपी ने लोगों की बातों को सुनकर निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान अनवर अली, विनोद कुमार, नूर आलम, रफीउल्लाह, सुरेश चंद्र सहानी आदि मौजूद रहे।