फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गोरखपुर: दोस्त को फोटो व्हाट्सएप कर खुद को मारी गोली, नौकरी न मिलने के कारण अवसाद में आ गया था युवक

Thu, 03 Feb 2022 12:44 PM IST
vivek shukla अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर।

सार

एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा ने कहा कि युवक ने खुद को अवैध पिस्टल से गोली मारी है। पुलिस ने पिस्टल को कब्जे में ले लिया है। वजहों की जांच की जा रही है।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गोरखपुर जिले में रामगढ़ताल इलाके के चिलमापुर में बुधवार सुबह व्हाट्सएप पर दोस्त को फोटो भेजने के बाद, एक युवक ने खुद को गोली मार ली। पेट में गोली लगने के बाद उसने ही डायल 112 पर पुलिस को सूचना भी दी। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। उधर, उसके घर से अवैध पिस्टल बरामद कर, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

विज्ञापन


जानकारी के मुताबिक, 30 वर्षीय यह युवक गोला इलाके का रहने वाला है। वह इन दिनों रामगढ़ताल इलाके के चिलमापुर में अपने चाचा के पास रह रहा था। पढ़ाई पूरी कर वह नौकरी की तलाश कर रहा था। परिजनों के अनुसार, नौकरी न मिलने के कारण वह कुछ दिन से अवसाद में था। बुधवार सुबह उसने एक दोस्त को पिस्टल की फोटो भेजी और खुद को गोली मार ली। उधर, लड़की के चक्कर में गोली मारने की भी चर्चा है। पुलिस असल वजह की जांच कर रही है।

आत्महत्या की कोशिश का नहीं, आर्म्स एक्ट में दर्ज होगा मुकदमा

जान देने के इरादे से खुद को गोली मारने वाले युवक के खिलाफ आत्महत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज नहीं होगा। दरअसल, आत्महत्या की कोशिश की धारा 309 आईपीसी को समाप्त कर दिया गया है। 1978 में ही धारा 309 को आईपीसी से हटाने को लेकर संशोधन बिल राज्यसभा से पास हो गया था। लेकिन, लोकसभा से यह बिल पास होता, इससे पहले लोकसभा ही भंग हो गई। नतीजा संशोधन पारित नहीं हो सका।

इस मामले में लंबी अदालती लड़ाई भी चली। 1961 और 2008 में लॉ कमीशन ने भी इसे हटाने का सुझाव दिया। अंतत: जुलाई 2018 में इसे अप्रभावी कर दिया गया। जिस तरह से दुष्कर्म, किसी अपराध में शामिल होने के बाद भी किसी किशोर की पहचान उजागर करना वर्जित है। इसी तरह आत्महत्या की कोशिश के मामले में पीड़ित की पहचान उजागर करना भी वर्जित है।

विज्ञापन


अमर उजाला युवक के दीर्घायु होने की कामना करता है। स्वस्थ होने पर युवक के खिलाफ आर्म्स एक्ट का मुकदमा जरूर दर्ज होगा, क्योंकि उसके कमरे से अवैध पिस्टल बरामद हुई है।

 

विज्ञापन

दोस्त को भेजी थी कनपटी पर पिस्टल लगी फोटो

युवक ने कनपटी पर पिस्टल सटाए एक फोटो व्हाट्सएप पर दोस्त को भेजी। दोस्त और युवक के बीच हुई बातचीत से एक बात और साफ है कि वह कई दिनों से खुदकुशी की कोशिश में था। उसने गुडबाय लिखते हुए इसे अपना आखिरी संदेश बताया। दोस्त ने सवाल किया पिस्टल कहां से मिली, लेकिन युवक ने जवाब नहीं दिया और खुद को गोली मार ली।

माता-पिता की हो चुकी है मौत

युवक के पिता व माता की पहले ही मौत हो चुकी है। यही वजह है कि वह चाचा के पास रहता था। अचेतावस्था में होने की वजह से वह कुछ बता नहीं पा रहा है।

एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा ने कहा कि युवक ने खुद को अवैध पिस्टल से गोली मारी है। पुलिस ने पिस्टल को कब्जे में ले लिया है। वजहों की जांच की जा रही है।

 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें