प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव ने कहा कि उनकी सरकार बनी तो बेरोजगारी पर अंकुश के लिए तमाम योजनाएं दी जाएंगी। स्नातक पास होते ही सभी को पांच-पांच लाख रुपये दिए जाएंगे, जिससे वे नौकरी मिलने तक अपना काम कर सकें।
कहा कि पार्टी का एजेंडा है कि हर परिवार के एक बेटा या बेटी को सरकारी नौकरी दी जाएगी, किसानों के शोषण वाले सारे कानून वापस लिए जाएंगे। सभी को तीन सौ यूनिट बिजली भी निशुल्क दी जाएगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष बृहस्पतिवार को शहर के एक होटल में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। वे यहां सामाजिक परिवर्तन रथ यात्रा लेकर आए। देर रात जिला मुख्यालय पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। कहा कि भाजपा को हटाने के लिए वह बिना शर्त किसी भी दल से समझौता करने को तैयार हैं। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव से वे इस मुद्दे पर सबसे पहले बात करेंगे। यदि बात बन गई तो पार्टी सपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी।
उन्होंने कहा कि फिलहाल अभी कोई शर्त नहीं रखी गई है, मगर समय आने पर इसका खुलासा होगा। भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि जिन मुद्दों को लेकर सत्तारुढ़ भाजपा गद्दी पर पहुंची है। वह सब भुला दिया। सबका साथ सबका विकास केवल नारा बन कर रह गया है। सभी मुद्दों पर भाजपा फेल हो गई है।
कहा कि भाजपा केवल धर्म आधारित एजेंडा लेकर काम करती है, जबकि अपने देश में सभी धर्म व जातियों के लोग रहते हैं। देश पर सबका अधिकार है। कहा कि बिना प्रसपा के कोई भी दल सरकार नहीं बना सकता। समाज हित में जितने भी मुद्दे हैं वही पार्टी का भी मुद्दा है।
पूर्व राज्य मंत्री श्रीपति सिंह ने कहा कि सपा को विस्तार देने में शिवपाल सिंह यादव ने सर्वाधिक योगदान दिया है, सपा नेतृत्व को इस पर गंभीरता से विचार करना होगा। सभा को राष्ट्रीय महासचिव आदित्य यादव, प्रदेश अध्यक्ष सुन्दरलाल लोधी, विपिन त्रिपाठी, प्रदेश महासचिव अजय त्रिपाठी ‘मुन्ना’ अजय पाण्डेय, दिनेश सिंह यादव, बीरपाल सिंह, गौतम यादव आदि ने सम्बोधित किया। संचालन महासचिव एबादुलहक ने किया। जिलाध्यक्ष अजीत कुमार सिंह विपिन ने आभार प्रदर्शन किया।
इस मौके पर राष्ट्रीय महासचिव कुसुम मिश्र, शालू यादव, वृजेश द्विवेदी, पंकज सिंह, विजय यादव, राजेश शुक्ल, कैलाश मोहन श्रीवास्तव, एजाज अहमद, सतीश पाण्डेय, शुभम उपाध्याय, अंकुश प्रताप सिंह, लालचंद यादव, दीपक सिंह, सोनू गौड़, मोनू खान, समीर खान, अमित पाण्डेय, संजय शर्मा, राम अशीष विश्वकर्मा, सुभाष यादव, सांवरजीत यादव, गगन पाण्डेय, गुड्डू पाण्डेय, चन्द्र प्रकाश पाण्डेय, योगेन्द्र सिंह सोनू आदि मौजूद रहे।