फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गोरखपुर में बोले शाहनवाज: राष्ट्र की बात एवं मुद्दों पर हमें एक होना होगा, सच्चा मुसलमान अपने वतन से करता है मोहब्बत

Thu, 15 Jul 2021 09:49 PM IST
vivek shukla अमर उजाला नेटवर्क, गोरखपुर।

सार

शाहनवाज ने कहा कि राष्ट्रीय प्रवक्ता का कार्य बहुत ही चुनौतीपूर्ण होता है। पांच लाख की भीड़ को संबोधित करने की अपेक्षा पत्रकारों के सामने बोलने में बहुत अधिक दबाव रहता है।
विज्ञापन
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कोई भी व्यक्ति मातृभूमि का विरोध देश में रहते हुए नहीं कर सकता। राष्ट्र की बात एवं मुद्दों पर हम सभी को एक होना होगा। धार्मिक और धर्मांधता में बहुत बड़ा अंतर है। सच्चा मुसलमान अपने वतन से मोहब्बत करता है। यह बातें बृहस्पतिवार को पार्क रोड स्थित एक होटल में बिहार के उद्योग मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहीं। वह गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब की ओर से आयोजित स्वर्णिम दो दशक ‘धरोहर’ कार्यक्रम के अंतर्गत जनहित के सवाल, सत्ता और पत्रकारिता विषयक संगोष्ठी को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।

विज्ञापन


शाहनवाज ने कहा कि राष्ट्रीय प्रवक्ता का कार्य बहुत ही चुनौतीपूर्ण होता है। पांच लाख की भीड़ को संबोधित करने की अपेक्षा पत्रकारों के सामने बोलने में बहुत अधिक दबाव रहता है। गोरखपुर से मेरा गहरा नाता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कहने पर सबसे पहले गोरखपुर हवाई सुविधा शुरू करने के लिए, मैं खुद यहां आया था।

संगोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए पूर्व केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री व राज्यसभा सांसद शिव प्रताप शुक्ला ने कहा कि देश में क्षेत्रीय विवाद को खत्म करने के लिए देश की सभी भाषाओं की लिपि देवनागरी कर देनी चाहिए। आज भाषा के आधार पर देश को बांटने का प्रयास किया जा रहा है। किसी भी देश का नागरिक राष्ट्र से ही होता है। कहा कि पत्रकारिता और सत्ता दोनों ही जनहित के लिए हैं। पत्रकारिता सत्ता के गुण-दोष को परिभाषित करने के लिए होनी चाहिए।
विज्ञापन


विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पत्रकार एवं भाषाविद राहुल देव ने कहा कि पत्रकारिता का कार्य न्यायपालिका से मिलता-जुलता है। पत्रकारिता की सत्ता से दोस्ती नहीं हो सकती है। पत्रकारों की सत्ता वालों से मित्रता होना अलग बात है। न्यायपालिका, पत्रकारिता लोकहित का संरक्षण करते हैं। न्यायपालिका के पास असीमित अधिकार है जबकि पत्रकार आरक्षित और असुरक्षित हैं। न्यायपालिका में बैठे लोगों के पास फैसला करने के लिए असीमित समय है, जबकि पत्रकार को रोज फैसले करने पड़ते हैं। पत्रकार को संरक्षित रखने के लिए उनको कुछ अधिकार देने की आवश्यकता है। कहा कि हर पत्रकार श्रेष्ठ पत्रकारिता करना चाहता है, लेकिन परिस्थितियों से मजबूर है। हमें सत्ता और पत्रकारिता का अंतर्संबंध समझना पड़ेगा।

स्वागत करते हुए प्रेस क्लब अध्यक्ष मार्कंडेय मणि त्रिपाठी ने कार्यक्रम की सार्थकता पर चर्चा की। धन्यवाद ज्ञापन महामंत्री मनोज यादव ने किया। संचालन अर्चना श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष अतुल मुरारी तिवारी, मंत्री मनोज यादव, संयुक्त मंत्री आशीष भट्ट, कोषाध्यक्ष बैजू गुप्ता, कार्यकारिणी सदस्य दीपक त्रिपाठी, अंगद प्रजापति सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

 

विज्ञापन

समय के साथ पत्रकारिता में आया बदलाव: अकु

वरिष्ठ पत्रकार अकु श्रीवास्तव ने कहा कि हम लोग कई दशकों से पत्रकारिता कर रहे हैं। समय के साथ पत्रकारिता में काफी बदलाव आया है। समय के साथ सत्ता और पत्रकारिता के प्रति अपेक्षा और आकांक्षा बढ़ी है। कहा कि विगत 10-15 वर्षों में सामाजिक समरसता का ताना-बाना बिगड़ा है। यह आश्चर्यजनक  है कि आज के ज्वलंत मुद्दे रोजगार, सामाजिक समरसता, शिक्षा की गुणवत्ता जैसे मसलों पर चर्चा नहीं हो रही है। कहा कि आज के समय में हमारे सामने सबसे बड़ा संकट पत्रकारिता को पवित्र बनाए रखना है।

इन्हें किया गया सम्मानित
प्रेस क्लब के दो दशक पूरे होने पर संस्थापक सदस्य रामेंद्र सिन्हा, कौशल त्रिपाठी, आनंद राय, वागीश धर द्विवेदी, राकेश सारस्वत, एसपी सिंह, श्रीकृष्ण त्रिपाठी, संजय सिंह, सुशील वर्मा, सर्वेश दुबे, उदय प्रकाश पांडेय, सुजीत पांडेय, धर्मेंद्र सिंह, अजीत यादव, सौरभ पांडेय, अनिल यादव, जगदंबा तिवारी, बच्चा पांडेय, शैलेश मणि त्रिपाठी आदि को सम्मानित किया गया।

सामाजिक कार्यकर्ताओं लोगों से मिले राष्ट्रीय प्रवक्ता
शाहनवाज हुसैन प्रेस क्लब के कार्यक्रम के बाद सामाजिक व कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। चौरहिया गोला स्थित शिवा अस्पताल के निदेशक मोहम्मद ताहिर के आवास पर अधिवक्ता, डॉक्टर, समाजसेवियों संग उन्होंने बातचीत की। निदेशक मोहम्मद ताहिर ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया। कहा कि योगी सरकार से सभी वर्ग पूरी तरह संतुष्ट है। इस दौरान अधिवक्ता शाबिर अली, मोहम्मद आमिर, शमशाद हुसैन, शहर मुफ्ती, मिन्नत गोरखपुरी, समीर अंसारी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

‘उत्तर प्रदेश: एक समग्र अध्ययन’ का लोकार्पण हुआ
प्रेस क्लब गोरखपुर द्वारा आयोजित धरोहर कार्यक्रम में राकेश सारस्वत द्वारा लिखी गई पुस्तक ‘उत्तरप्रदेश : एक समग्र अध्ययन’ (हिंदी) तथा ‘उत्तरप्रदेश : अ कम्परेहैसिव स्टडी’ (अंग्रेजी) का लोकार्पण हुआ। लोकार्पण राज्य सभा में मुख्य सचेतक शिव प्रसाद शुक्ल, बिहार सरकार में उद्योग मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन, मशहूर पत्रकार एवं संपादक राहुल देव तथा अक्कू श्रीवास्तव द्वारा किया गया। इस अवसर पर तमाम पत्रकार, साहित्यकार एवं राजनेता उपस्थित थे। पुस्तक के लेखक राकेश सारस्वत सरस्वती आईएएस के निदेशक एवं पत्रकार हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें