बसों के चलते रोजाना लगता है जाम, फोरलेन देगा राहत
मोहद्दीपुर चौराहे से असुरन चौराहे तक करीब ढाई किलोमीटर लंबी सड़क अभी दो लेन की है। इससे जुड़ा कुशीनगर, जेल बाईपास और मेडिकल कॉलेज रोड फोरलेन हो चुका है। दो लेन की इस सड़क पर कुशीनगर से मेडिकल कॉलेज और महराजगंज से शहर में आने वालों की भीड़ के चलते वाहनों की रफ्तार धीमी हो जाती है। ओवरब्रिज के पास अक्सर जाम भी लगा रहता है।
कुशीनगर और देवरिया की तरफ से आने वालों को मेडिकल कॉलेज जाने के लिए मोहद्दीपुर चौराहे से चार फाटक होते असुरन तक जाना होता है। मेडिकल कॉलेज में नौकरी करने वाले पारस पाठक ने बताया कि एयरपोर्ट से मोहद्दीपुर आने में पांच मिनट लगते हैं, लेकिन असुरन आने में 10 से 12 मिनट लग जाते हैं। अगर कभी पुल पर जाम लगा तो फिर समय और बढ़ जाता है।
इसे भी पढ़ें: निर्जल उपवास आज, कल डूबते सूर्य की होगी पूजा; तस्वीरों में देखें तैयारियों की एक झलक
बिछिया कॉलोनी के रहने वाले राजेश सिंह ने बताया कि सबसे अधिक दिक्कत तब होती है, जब शहर के अंदर कोई बड़ा कार्यक्रम हो रहा हो। मेडिकल कॉलेज की तरफ जाने वाले वाहनों को इधर ही डायवर्ट किया जाता है। महाराजगंज जाने वाली बसें भी बस स्टेशन से इसी रास्ते निकलती हैं, तब इस सड़क पर जाम की स्थिति बनी रहती है। सुरेंद्र राय ने बताया कि डेयरी कॉलोनी के सामने से लेकर चार फाटक ओवर ब्रिज तक सड़क की बाईं पटरी के बगल में गड्ढा होने के चलते भी वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है।