गोरखपुर के एसएसपी विपिन टांडा।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए किए गए पहल में 100 पुलिस वालों की विशेष टीम शामिल की जाएगी। एडीजी अखिल कुमार ने जोन में तैनात इच्छुक पुलिस वालों की रिजर्व टोली तैयार करने का फैसला किया है। यह टोली गोरखपुर में रहेगी और वीआईपी ड्यूटी भी करेगी। अन्य दिनों में यातायात व्यवस्था को सुगम करने में सहयोग करेगी। इसकी मानीटरिंग खुद एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने करने का फैसला लिया है। जल्द ही इन पुलिस वालों की तैनाती हो जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, शहर में यातायात एक बड़ी समस्या है। आते ही एडीजी अखिल कुमार ने इसे लेकर कवायद शुरू की थी जो बीच में रुक गई और फिर से पहले की तरह चलने लगा। अब एसएसपी ने भी पदभार संभालने के बाद इस ओर ध्यान दिया तो दोनों अफसर मिलकर इसमें पहल कर रहे हैं।
एडीजी अखिल कुमार का मानना है कि मैन पॉवर कम होने की वजह से कई चौराहे ऐसे हैं जहां पर जरूरत से कम पुलिस वाले होते हैं। इस वजह से यातायात नियम का प्लान नहीं होता है और फिर जाम की समस्या हो जाती है। इसे देखते हुए एडीजी ने 100 पुलिस वालों की एक विशेष दस्ता तैयार करने का फैसला कर लिया है। इसके लिए जोन के पुलिस वालों से आवेदन भी मांगे जाएंगे। मंशा है कि इच्छुक लोगों में इसमें रखा जाए ताकि वह रुचि से काम करें।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने कहा कि यातायात व्यवस्था को ठीक करने के लिए 100 पुलिस वालों की रिजर्व पुलिस दस्ता तैयार किया जाएगा। एडीजी जोन ने इसके लिए पहल की है। उनके निर्देश पर काम किया जा रहा है, जल्द ही इसका परिणाम भी दिखने लगेगा।