गोरखपुर : राप्ती नदी का जलस्तर बढ़ा, रेग्युलेटर बंद
गोरखपुर। राप्ती नदी का जलस्तर बढ़ने से डोमिनगढ़, इलाहीबाग और बसियाडीह में सिंचाई विभाग के रेग्युलेटरों को बंद कर दिया गया है। नगर निगम द्वारा इन स्थानों पर पंपिंग स्टेशन को चालू कर दिया गया है। अब शहर का पानी पंप से राप्ती नदी में डाला जा रहा है।
नगर निगम के मुख्य अभियंता सुरेश चंद की देखरेख में शनिवार को तीनों स्थानों पर पंपिंग स्टेशनों को चालू किया गया। कटनिया पंपिंग स्टेशन के फाटक को शुक्रवार को ही बंद कर दिया गया था। यहां पांच पंपों से शहरी इलाके के पानी को राप्ती नदी में डाला जा रहा है। मुख्य अभियंता ने बताया कि नदी के जलस्तर पर बराबर निगाह रखी जा रही है। शहर के पानी को राप्ती में डालने के लिए 11 रेग्युलेटर बनाए गए हैं, जिनमें 59 पंप लगे हैं। इनमें 43 डीजल और 16 बिजली से चलने वाले हैं।