रामगढ़ताल के किनारे बन रहा फ्लोटिंग रेस्टोरेंट
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर में रामगढ़ताल में फ्लोटेड रेस्टोरेंट पर बैठकर मनपसंद जायके का स्वाद जल्द ले सकेंगे। रेस्टोरेंट का ढांचागत निर्माण पूरा हो गया है। अब उसे पानी में उतारने की तैयारी चल रही है। पानी में उतारने के बाद आंतरिक साज-सज्जा का काम होगा। मार्च तक रेस्टोरेंट को शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
रामगढ़ताल में उतारकर फ्लोटेड रेस्टोरेंट को स्थिर रखा जाएगा। लोग परिवार के साथ पानी के बीच खानपान का लुत्फ उठा सकेंगे। इसका बाहरी ढांचा बनकर तैयार हो गया है। इसे सहारा इस्टेट के पास बनाया जा रहा है। इसकी लागत पांच करोड़ रुपये है। जीडीए ने फ्लोटिंग रेस्टोरेंट के संचालन की जिम्मेदारी शहर के एक होटल संचालक को दी है।
फ्लोटेड रेस्टोरेंट के निर्माण कार्य में इंजीनियर समेत 30 लोगों की टीम लगी है। 24 मीटर लंबाई और 12 मीटर चौड़ाई वाले इस रेस्टोरेंट में 100 से अधिक लोगों के बैठने की सुविधा होगी। इसमें भोजन करने के दौरान लेक व्यू का नजारा नजर आएगा। इसमें एक ऑफिस, रिसेप्शन और दो फ्लोर का रेस्टोरेंट रहेगा। इसमें पार्टी या अन्य आयोजनों के लिए काउंटर पर बुकिंग के अलावा ऑनलाइन बुकिंग कराई जाएगी।