रेलवे में पदोन्नति के लिए ग्रुप बी संवर्ग की विभागीय परीक्षाओं में शामिल अभ्यर्थियों को अब इंटरव्यू के लिए मुख्यालय या मंडल कार्यालय नहीं जाना पड़ेगा। जहां वे तैनात होंगे, वहीं से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ऑनलाइन इंटरव्यू दे सकेंगे। रेलवे बोर्ड ने भीड़ से होने वाले संक्रमण से बचाने के लिए यह निर्णय लिया है।
पश्चिम रेलवे में ग्रुप बी में सहायक प्रबंधकों के पदों पर पदोन्नति की लिखित परीक्षा हो चुकी थी। लेकिन इंटरव्यू नहीं हो पा रहा था। संक्रमण के चलते रेलवे प्रशासन कर्मियों का इंटरव्यू नहीं करा पा रहा था। लिहाजा पश्चिम रेलवे प्रशासन ने रेलवे बोर्ड को ऑनलाइन परीक्षा कराने के लिए प्रस्ताव भेजा।
रेलवे बोर्ड ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये इसकी अनुमति दे दी है। सभी रेलवे जोन और उत्पादन इकाइयों के महाप्रबंधकों को भी इसके लिए निर्देशित किया है कि वे विभागीय परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों का ऑनलाइन इंटरव्यू करा सकते हैं।
एनईआर सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि कोविड-19 के प्रभाव को देखते हुए अगर जरूरत पड़ी तो रेलकर्मियों का साक्षात्कार वीडियो कांफ्रेंसिंग से कराया जाएगा।