गोरखपुर। शिक्षकों की लंबित समस्याओं और उनके विरुद्ध एकपक्षीय कार्रवाई के विरोध में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने शुक्रवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में धरना दिया। बीएसए की ओर से एक सप्ताह के भीतर मांगों के निस्तारण का आश्वासन मिलने के बाद शिक्षकों ने धरना समाप्त कर दिया। धरने का संचालन जिला मंत्री सुनील सिंह ने किया।
जिलाध्यक्ष हरेकृष्ण दूबे ने कहा कि शिक्षकों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच के बिना निलंबन जैसी कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए। इससे शिक्षकों में रोष है। विभाग को शिक्षकों के मामलों में नियमों के अनुसार कार्रवाई करनी चाहिए। वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमित मिश्र ने कहा कि नियमों के विरुद्ध कार्रवाई से शिक्षकों के मनोबल और कार्यक्षमता पर असर पड़ता है। प्रत्येक मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
मांडलिक मंत्री अजय शुक्ल ने कहा कि शिक्षकों के उत्पीड़न और अन्यायपूर्ण कार्रवाई के खिलाफ संगठन आवाज उठाता रहेगा। धरने में शिक्षकों ने लंबित समस्याओं का समाधान करने और विभागीय कार्रवाई में पारदर्शिता बरतने की मांग की। इस दौरान ओमप्रकाश गोंड, विवेकानंद सिंह, उमेश पाण्डेय, विपिन मिश्रा, ज्ञान प्रकाश राय, आयुष प्रताप मिश्र, बैजनाथ गोंड, राघव पाण्डेय, शशि बाला शर्मा, सरोजबाला, अनिल कुमार गुप्ता और सतीश शुक्ला सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।