करोड़पति बनने के चक्कर में जालसाजों के झांसे में आकर निजी कंपनी में कार्यरत एक इंजीनियर ने 18.53 लाख रुपये गंवा दिए। वह तीन महीने में करोड़पति बनने के चक्कर में आ गया और मैसेंजर पर ही उसे चूना लगा दिया गया। जब मामले का उसे पता चला तो उसके पैरों तले जमीन ही खिसक गई। पीड़ित ने एसपी से शिकायत कर जालसाजों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के चोरभरिया निवासी सत्यप्रकाश (30) पुत्र महेंद्र बीटेक करने के बाद पश्चिम बंगाल में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। शनिवार को एसपी को दिए शिकायती पत्र के अनुसार बीते 25 जून को मैसेंजर पर एलिजावेथ लिली मार्कस नाम से संदेश उसके मोबाइल नंबर पर आया। चैट के जरिए उसने अपने को रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया मुंबई का अधिकारी बताया और मोबाइल नंबर मांग लिया।
इसके बाद उससे व्हाट्सएप पर और फोन पर नियमित बात होने लगी। इसी दौरान उसने बताया कि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के साथ मिलकर व्यवसाय कीजिए तो एक महीने में करोड़पति बन जाएंगे। इस ऑफर के संबंध में तीन महीनों तक बातचीत होती रही। जब वह आश्वस्त हो गया तो 26 सिंतबर को मार्केटिंग व्यवसाय के जुड़ने के लिए फाइल बनाने के नाम पर 38 हजार रुपये मांग लिए।