कुईं बाजार। सिकरीगंज थाना क्षेत्र के हरदत्तपुर पेट्रोल पंप के पास संचालित एक निजी वित्तीय कंपनी पर निवेशकों के लाखों रुपये लेकर भागने का आरोप लगा है। पीड़ितों का कहना है कि कंपनी का कार्यालय बंद है और जिम्मेदार लोगों का पता नहीं चल रहा है। इससे परेशान निवेशकों ने सिकरीगंज पुलिस को तहरीर देकर मामले की जांच कराने और अपनी जमा पूंजी वापस दिलाने की मांग की है।
पीड़ितों के मुताबिक, क्षेत्र के कई लोगों ने अपनी बचत की रकम कंपनी में जमा की थी। उन्हें उम्मीद थी कि निर्धारित समय पर उनकी धनराशि वापस मिल जाएगी, लेकिन कार्यालय बंद होने और जिम्मेदार लोगों के नहीं मिलने से उनकी परेशानी बढ़ गई है। निवेशकों का आरोप है कि उनकी मेहनत की कमाई फंस गई है और उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
इस मामले में विनोद यादव, फूलचंद यादव, अमरजीत, पुष्पेंद्र, सरिता, पवन, सुरेश, अविनाश, सूर्य प्रकाश, श्याम, अजय, दीनानाथ, अनूप, रवि, रामदयाल, राजेश, दुर्गेश, रमाशंकर, यशवीर, वानंद, चंदन, राकेश, यशवंत और मनजीत सहित कई लोगों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ितों ने कंपनी के जिम्मेदार लोगों का पता लगाने और अपनी जमा धनराशि वापस दिलाने की गुहार लगाई है। निवेशकों का कहना है कि उनकी जीवनभर की बचत दांव पर लगी है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर रकम वापस दिलाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
थानाध्यक्ष सिकरीगंज आशीष कुमार दुबे ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।