गोरखपुर रेलवे ने आय बढ़ाने के लिए छह ट्रेनों में निजी कंपनियों को प्रचार-प्रसार की अनुमति दी है। कंपनियां, कोच के बाहर और अंदर ब्रांडिंग करेंगी, साथ ही ट्रेन में साफ-सफाई भी कराएंगी।
पूर्वोत्तर रेलवे ने न्यू इनोवेटिव नान फेयर रेवन्यू आइडिया स्कीम (एनआईएनएफआरआईएस) शुरू की है। इसके तहत यात्री सुविधाओं में सुधार करने के साथ ही आय बढ़ाना उद्देश्य है। लखनऊ मंडल की 6 ट्रेनों में इस स्कीम के तहत निजी कपंनियों के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई है। रेलवे प्रशासन को इसके तहत छह ट्रेनों से लाइसेंस शुल्क के रूप में 60 लाख रुपये प्रतिवर्ष मिलेंगे।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि प्रस्ताव के तहत कोच के बाहर एवं आंतरिक भाग में कंपनियां अपना ब्रांडिंग करा सकेंगी। ट्रेनों में साफ-सफाई का कार्य, वातानुकूलित कोचों में एसी मैकेनिक के लिए सहयोगी भी कंपनी उपलब्ध कराएंगी। इससे ऑन बोर्ड हाऊस कीपिंग (साफ-सफाई) पर आने वाले खर्च की बचत होगी। छह ट्रेनों में करीब 1.51 करोड़ प्रतिवर्ष की बचत होगी।