गोरखपुर में करीब 2.5 करोड़ रुपये का बकाया टैक्स जमा नहीं करने पर गोलघर स्थित प्रेसीडेंट होटल सील हो सकता है। नगर निगम की ओर से जल्द ही बकाया न चुकाने पर सील करने संबंधी नोटिस होटल प्रबंधन को दिया गया है।
दरअसल, नगर निगम क्षेत्र के तहत व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को व्यावसायिक कर के भुगतान का प्रावधान है। यह कर आवासीय कर की तुलना में अधिक होता है, लेकिन गोलघर स्थित प्रेसीडेंट होटल के मालिक द्वारा पिछले चार-पांच साल से नगर निगम को टैक्स अदा नहीं किया गया है। इस वजह से रकम बढ़ते बढ़ते 2.5 करोड़ तक हो गई है। इसको देखते हुए नगर निगम की ओर से होटल प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है।
उपनगर आयुक्त संजय शुक्ला ने बताया कि पिछले कई वर्षों से गोलघर स्थित प्रेसीडेंट होटल प्रबंधन द्वारा नगर निगम को टैक्स का भुगतान नहीं किया जा रहा है। टैक्स की रकम बढ़कर 2.5 करोड़ रुपये हो गई है। ऐसे में होटल प्रबंधन को नोटिस दिया गया है। होटल प्रबंधन अगर जल्द ही बकाया टैक्स का भुगतान नहीं करता है तो होटल को सील करने की कार्रवाई की जाएगी।