दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में सोमवार को छात्रों के प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षक संघ चुनाव कराए जाने के निर्णय पर विरोध दर्ज कराया है। छात्रों ने कुलपति को ज्ञापन सौंपकर शिक्षक संघ चुनाव से पहले छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग की। कहा कि अगर यह चुनाव होता है तो वह आंदोलन के लिए सड़क पर उतरने को बाध्य होंगे।
कुलपति से वार्ता के दौरान छात्रों ने बताया कि शिक्षक संघ चुनाव को लेकर छात्र भयभीत हैं। शिक्षकों की संघ के रूप में एकजुटता छात्रों के हित में नहीं है। यदि यह चुनाव कराना है तो उससे पहले छात्रसंघ कराया जाना सुनिश्चित करें। छात्रों ने कुलपति के सामने महिला छात्रावास की फीस वापसी, कमरे का आवंटन पुरुष छात्रावास खोलने की मांग भी उठाई। ज्ञापन सौंपने वालों में नितेश मिश्र, अनिल दुबे, अंशुमान पाठक, सतीश, शिवम, सागर आदि शामिल रहे।
शिक्षक और छात्र संघ चुनाव के लिए बनाई गई कमेटी
गोरखपुर में छात्रों द्वारा शिक्षक संघ चुनाव का विरोध करने को दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। छात्रों द्वारा इस बाबत ज्ञापन सौंपने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने एक कमेटी गठित की है, जो वार्षिक परीक्षाओं के बाद शिक्षक संघ और छात्र संघ दोनों चुनाव के विषय में विचार करेगी। कमेटी कोविड-19, राजभवन और शासन के निर्देश के मुताबिक चुनाव को लेकर अपनी रिपोर्ट तैयार कर विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंपेगी। इसी रिपोर्ट के आधार पर विश्वविद्यालय प्रशासन आगे का निर्णय लेगा।