अयोध्या राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर भारी वाहनों के डायवर्जन की तैयारी है। गोरखपुर-लखनऊ रूट पर जाने वाली रोडवेज बसों सिद्धार्थनगर एवं पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से जाएंगी। यह रूट डायवर्जन 19 जनवरी की मध्य रात्रि से 23 जनवरी तक लागू रहेगा। वहीं, संतकबीरनगर व बस्ती तक चार पहिया वाहन से जाने की छूट रहेगी, लेकिन पहचान पत्र दिखाना होगा। 19 जनवरी से बस्ती से आगे किसी को जाने नहीं दिया जाएगा। लखनऊ जाने वालों को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से भेजने की तैयारी है।
एडीजी जोन डॉ. केएस प्रताप ने मंगलवार को गोरखपुर से संतकबीरनगर व बस्ती जाकर निरीक्षण किया। रूट प्लान तैयार किया जा रहा है। बुधवार को डायवर्जन जारी होगा। फिलहाल, अभी नौसड़, संतकबीरनगर और बस्ती सीमा पर बैरियर लगा दिए गए हैं।
भारी वाहनों के आवागमन पर पहले से ही रोक लगा दी गई है। गोरखपुर पुलिस ने भी रविवार को लखनऊ हाईवे पर बाघागाड़ा व कालेसर में बैरियर लगा दिया। 22 जनवरी तक दवा,रसाई गैस सिलेंडर और आयल टैंकर को ही छूट दी जाएगी।
इसे भी पढ़ें: छपरा से दिल्ली के बीच सरपट दौड़ेंगी ट्रेनें, लाइन क्लीयर में नहीं आएगी कोई दिक्कत
उधर, बसों के डायवर्जन के बार में एआरएम महेश चंद्र ने बताया कि अयोध्या की तरफ जाने वाले भारी वाहनों का प्रवेश बंद हो जाएगा। 19 जनवरी से रोडवेज की बसों को भी डायवर्ट किया जाएगा। बसों को गोरखपुर से कौड़ीराम, बड़हलगंज, दोहरीघाट, जीयनपुर और आजमगढ़ से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के रास्ते भेजा जाएगा।
इसी प्रकार गोरखपुर से सहजनवां, बस्ती, कलवारी से टांडा, अकबरपुर होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस वे से वाहनों का डायवर्जन किया गया है। कुछ बसों को गोरखपुर से संतकबीरनगर, बांसी, मेहदावल, डुमरियागंज, बलरामपुर, गोंडा, चौकाघाट, सफदरगंज होते हुए लखनऊ के रास्ते चलाया जाएगा।