उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां सहजनवां इलाके के सेमरडाड़ी गांव में चुनावी रंजिश में सोमवार को भाजपा नेता व प्रधान जेडी रंजन की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बीच बचाव में गए बेटे और उनके साले को बेरहमी से पीटा गया। दोनों का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। उधर, मौत की खबर गांव में पहुंचते ही माहौल बिगड़ने लगा। एहतियातन गांव में तीन थाने की फोर्स को तैनात कर दिया गया है। गांव के ही तीन युवकों पर हत्या किए जाने का आरोप है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, प्रधान जेडी रंजन और उनके साले मिथिलेश सोमवार को पंचायत भवन में मौजूद थे। पंचायत भवन में लगाने के लिए टाइल्स आया था जो खड़ंजा पर एक किनारे रखा हुआ था। इसी बात को लेकर उनका पट्टीदार उलझ गया और फिर दो लोग उसके समर्थन में आ गए। आरोप है कि प्रधान की तीन लोगों ने लाठी डंडे से पिटाई करनी शुरू कर दी।
बीच-बचाव करने पर साले को भी उन लोगों ने पीट दिया। शोर सुनकर जब प्रधान का बेटा भी वहां पहुंचा तो मनबढ़ों ने उसे भी पीट दिया। गांव के लोगों ने मामले को शांत कराया और पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहां पर मिथिलेश और प्रधान की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया था। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान प्रधान जेडी की मौत हो गई।
यह खबर गांव में पहुंचते ही समर्थक उग्र हो गए। खबर है कि समर्थक आरोपी के घर पर भी चढ़ गए थे। इसकी सूचना पर भारी फोर्स गांव में पहुंच गई है। आरोपी घर छोड़कर फरार है। एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने बताया कि मारपीट में घायल प्रधान की मौत हो गई है। गांव में एहतियातन फोर्स तैनात है। आरोपितों की तलाश में पुलिस टीम लगाई गई है।