मोबाइल फोन के जरिए घर के बिजली उपकरण संचालित करते अजय कुमार चौरसिया
- फोटो : अमर उजाला।
गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज, देवरिया से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले अजय कुमार चौरसिया ने एक ऐसा डिवाइस तैयार करने का दावा किया है जिससे घर के बिजली उपकरण आपकी आवाज और मोबाइलफोन से भी चलेंगे। यह देसी जुगाड़ से तैयार डिवाइस है, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आइओटी), जिसकी लागत मात्र 650 रुपये है। इंटरनेट या गूगल से कनेक्ट करके इसका इस्तेमाल घर से दूर कहीं से भी किया जा सकता है।
मूलत: फरेंदा, महराजगंज निवासी अजय दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में स्थापित उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा स्किल एवं डेवलपमेंट के लिए नामित संस्था मेधा द्वारा आयोजित ई-यूूथस्केप में विजेता रहे हैं। मई में उन्हें पुरस्कृत किया गया है। अजय ने बताया कि इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आइओटी) डिवाइस को अपने स्मार्टफोन में मौजूद गूगल असिस्टेंट से कनेक्ट किया जा सकता है। जिससे अपनी आवाज में ऑन और ऑफ बोलकर घर के सभी बिजली उपकरणों को चालू या बंद किया जा सकता है।
इस डिवाइस से लाइट, पंखा, फ्रिज आदि को स्मार्टफोन के माध्यम से कंट्रोल किया जा सकता है। अजय, घर की दीवार पर एक डिस्प्ले बनाकर अपने डिवाइस को और अधिक उन्नत बनाना चाहते हैं। यह चालू या बंद उपकरणों की स्थिति, ऊर्जा की खपत आदि को प्रदर्शित करेगा, जिस तरह से एक नियमित मीटर करता है।