गोरखपुर रेंज के सभी जिलों (गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज) के टॉप-10 बदमाशों को सलाखों के पीछे पहुंचाने के लिए पुलिस ऑपरेशन शिकंजा अभियान चलाएगी। ऐसे बदमाशों की केस की पैरवी पुलिस की ओर से विशेष तौर पर की जाएगी। ऐसा आदेश डीआईजी जे. रविंद्र ने दिया है।
जानकारी के मुताबिक, पहले सभी जिलों में टॉप बदमाशों की सूची तैयार की गई थी। पुलिस ने इन पर कार्रवाई तो की, लेकिन कई ऐसे बदमाश इस सूची में शामिल हैं, जिन्हें एक भी मुकदमे में कोर्ट से सजा नहीं हो पाई। यही वजह है कि डीआईजी ने ऑपरेशन शिकंजा को और प्रभावी बनाने का आदेश दिया है। डीआईजी के निर्देश पर सभी जिले के टॉप-10 बदमाशों की सूची तैयार की गई है। इनके केसों की सूची भी बनाई गई है। अब केस की तारीख पर पुलिस की ओर से पैरवी की जाएगी, ताकि सजा हो सके।
जिले के टॉप-10 बदमाश
झंगहा निवासी राघवेंद्र यादव, गुलरिहा के राकेश यादव, बेलघाट के शैलेंद्र प्रताप सिंह, बांसगांव निवासी राधे उर्फ राधेश्याम यादव, कैंट निवासी सत्यव्रत राय, खजनी निवासी सुभाष शर्मा, कैंट के अजीत शाही, गीडा के मल्हीपुर निवासी प्रदीप सिंह, शाहपुर के सुधीर सिंह, गोरखनाथ के विनोद उपाध्याय का नाम शामिल किया गया है।
डीआईजी जे. रविंद्र ने कहा कि हर जिले के टॉप-10 बदमाशों की सूची तैयार की है। इनके केसों की पैरवी कोर्ट में पुलिस प्राथमिकता के आधार पर करेगी, ताकि इन्हें सजा दिलाई जा सके। इसकी नियमित निगरानी की जाएगी।