गोरखपुर के थानों में पुलिस अफसरों की चौपाल लगी तो फरियादियों ने मुखर होकर अपनी बात रखी। कहीं पर अफसरों के सामने पुलिस की रात में सुस्ती की शिकायत सामने आई तो कहीं पर जमीन का विवाद। अधिकतर जगहों पर जमीन के ही मामले सामने आए, जिसमें अफसरों ने कार्रवाई का निर्देश भी दिए हैं। वहीं एसएसपी से गगहा थाने में लोग मिले।
एसएसपी ने बताया कि अपराध पर अंकुश और जनता को न्याय दिलाने के लिए इसकी पहल की गई है। कुछ शिकायतें आईं जिनका निपटारा करने का आदेश भी दिया। अधिकारियों को रात में थानों में ही रुकने का निर्देश दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, एसएसपी की पहल पर बुधवार को ‘अधिकारी आप के द्वार’ की शुरुआत की गई। इसके तहत एसएसपी डॉ. विपिन ताडा समेत सभी पुलिस अफसरों ने थानों में चौपाल लगाई। इस दौरान फरियादियों की बात सुनी गई। कैंपियरगंज थाने में एसपी नार्थ से लोगों ने रात में पुलिस की सुस्त चाल की शिकायत की। बोले कि दस बजे के बाद पुलिस वाले जल्दी कार्रवाई नहीं करते हैं।
गगहा थाने में एसएसपी, कैंट थाने में एसपी सिटी सोनम कुमार, बांसगांव में पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अरुण कुमार सिंह, कैंपियरगंज में एसपी नार्थ मनोज अवस्थी, चौरीचौरा में एसपी क्राइम, गोला थाने में एसपी यातायात आरएस गौतम, बड़हलगंज में पुलिस उपाधीक्षक प्रज्ञान, तिवारीपुर में पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय, थाना हरपुर बुदहट में सीओ खजनी, थाना बेलघाट में सीओ गोला, थाना झंगहा में सीओ चौरीचौरा, सहजनवां में सीओ कैंपियरगंज, शाहपुर थाने में सीओ गोरखनाथ, थाना रामगढ़ताल में सीओ कैंट, थाना कोतवाली में सीओ कोतवाली, थाना खोराबार में पुलिस उपाधीक्षक प्रोटोकॉल और थाना बेलीपार में सीओ बांसगांव ने लोगों की समस्याएं सुनीं।