उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड द्वारा विभिन्न विषयों में प्रवक्ता की नियुक्ति के लिए आयोजित पीजीटी परीक्षा की कॉपी लेकर भागने वाला अभ्यर्थी बुधवार को केंद्र पर ओएमआर के साथ पहुंचा और केंद्राध्यक्ष को गलती से कॉपी साथ ले जाने का बहाना बनाने लगा। आनन फानन में केंद्र व्यवस्थापक ने राजघाट थाना फोन कर आरोपित की सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर देर शाम निजी मुचलने पर छोड़ दिया है।
पीपीगंज थाना के वार्ड नंबर दो, हनुमत नगर निवासी पवन कुमार एमए बीएड उत्तीर्ण होने के बाद से ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। मंगलवार को आरोपित की पीजीटी की परीक्षा तुलसीदास इंटर कॉलेज के केंद्र पर थी। आरोप है कि अभ्यर्थी पवन ने परीक्षा देने के बाद कॉपी जमा नहीं की और उसे साथ लेकर चला गया।
कॉपियों के मिलान के दौरान एक कॉपी कम मिलने पर जब सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई तो उसमें पवन परीक्षा देने के बाद ओएमआर प्रश्न वाली बुकेलेट में डालकर बाहर निकलते हुए दिखाई दिया। तत्काल केंद्र व्यवस्थापक ने पुलिस को तहरीर देकर परीक्षार्थी के विरूद्ध राजघाट थाने में नामजद मुकदमा दर्ज कराया। मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद आरोपी पवन बुधवार को केंद्र पर अपनी सफाई देने पहुंचा था।
राजघाट इंस्पेक्टर विनय कुमार सरोज ने बताया कि केंद्र व्यवस्थापक की सूचना पर आरोपित पवन को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है। आरोपित दिमागी संतुलन ठीक न होने का हवाला देकर कॉपी साथ ले जाने की बात कबूल कर रहा है। फिलहाल निजी मुचलके पर आरोपित हो देर शाम छोड़ा गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह भदौरिया ने बताया कि आरोपी पवन बुधवार को ओएमआर लेकर केंद्र व्यवस्थापक के पास पहुंच गया था। केंद्र व्यवस्थापक ने इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को देने के साथ साथ पुलिस को दी है। मुकदमा पूर्व में दर्ज कराया जा चुका है। जांच में विभाग की ओर से हर संभव सहयोग किया जाएगा।
सात केंद्रों पर 1391 अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की (पीजीटी) 2021 की लिखित परीक्षा बुधवार को दूसरे दिन सात केंद्रों पर परीक्षा हुई। दो पालियों में आयोजित हुई इस परीक्षा में कुल 4413 अभ्यर्थी शामिल हुए। जबकि 1391 अनुपस्थित रहे।
डीआईओएस ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि पहली पाली में सुबह 9.30 से 11.30 बजे तक हुई परीक्षा में कुल 3296 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 2255 परीक्षा में शामिल हुए। जबकि 1041 अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार दूसरी पाली में 2.30 से 4.30 बजे तक आयोजित परीक्षा में कुल पंजीकृत 2508 अभ्यर्थियों में से 2158 परीक्षा में शामिल हुए और 350 गैरहाजिर रहे।