गोरखपुर शहर के गोरखनाथ क्षेत्र के तरंग ओवरब्रिज के पास गोकुल अपार्टमेंट के सामने रहने वाले सराफा कारोबारी अजय वर्मा (45) की मौत के मामले की जांच रविवार से शुरू हो गई है। एसपी सिटी सोनम कुमार ने सराफा कारोबारी के परिजनों से पूछताछ की है। सराफा कारोबारी के बेटों ने हादसे की बात दोहराई है। दूसरी तरफ, घटनास्थल पर गए पुलिस कर्मियों के बयान भी दर्ज कर लिए गए हैं। एसपी सिटी मामले की जांच पूरी करके सोमवार को एसएसपी डॉ. विपिन ताडा को रिपोर्ट दे सकते हैं।
जानकारी के मुताबिक, सराफा कारोबारी अजय वर्मा की गत 22 सितंबर को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। तब घटनास्थल पर पुलिस पहुंची थी लेकिन पोस्टमार्टम नहीं कराया था। परिजनों ने आननफानन में सराफा कारोबारी का अंतिम संस्कार कर दिया था। मामले की सूचना पुलिस को तत्काल मिली थी लेकिन गोरखनाथ पुलिस अगले दिन जानकारी मिलने की बात कर रही थी। इस मामले को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था।
गोकुल अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के हवाले से बताया था कि घटनास्थल पर पुलिस घटना के कुछ देर बाद ही पहुंच गई थी। इसके बावजूद पोस्टमार्टम नहीं कराया गया था। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया का पालन करने की जगह सराफा कारोबारी के परिजनों से पोस्टमार्टम न कराने का पत्र लेकर किनारा कर लिया था। अमर उजाला की खबर का संज्ञान लेकर ही एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने जांच के आदेश दिए हैं। जांच की जिम्मेदारी एसपी सिटी सोनम कुमार को मिली है।
दो बिंदुओं की जांच कर रहे एसपी सिटी
एसपी सिटी दो बिंदुओं की जानकारी जुटा रहे हैं। पहला, यह कि घटना कैसे हुई? दूसरा यह कि घटना की सूचना पुलिस को कब मिली और उस पर क्या कार्रवाई हुई? इसकी जानकारी के लिए पहले सराफा कारोबारी अजय वर्मा के घरवालों से पूछताछ की है। देररात घटना के बाद घटनास्थल पर गए पुलिस कर्मी व अधिकारियों के बयान दर्ज किए गए। अब रिपोर्ट एसएसपी को सौंपी जाएगी। एसपी सिटी की इस रिपोर्ट के आधार पर ही केस की दिशा व दशा तय होगी।
एसएसपी गोरखपुर डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि एसपी सिटी प्रकरण की जांच कर रहे हैं। सराफा कारोबारी के परिजनों व घटनास्थल पर गए पुलिस कर्मियों के बयान दर्ज किए गए हैं। सोमवार को जांच रिपोर्ट मिलेगी, फिर आगे की कार्रवाई होगी। अगर पुलिस की भूमिका गलत पाई तो कार्रवाई की जाएगी।
एसपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि एसएसपी डॉ. विपिन ताडा के निर्देश पर प्रकरण की जांच की जा रही है। सराफा कारोबारी के घरवालों व पुलिस कर्मियों के बयान रविवार को लिए गए हैं। मौके पर गए पुलिस कर्मियों से जानकारी ली जाएगी। इसके बाद रिपोर्ट एसएसपी को दी जाएगी।