उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां दूर के रिश्तेदार ने नशीला पदार्थ पिलाकर पहले युवती के साथ दुष्कर्म किया और बाद में दबाव बनाने पर कोर्ट में शादी कर ली। आरोप है कि बाद में वह दहेज के रूप में 30 लाख रुपये मांगने लगा और रुपये ना मिलने पर पत्नी को घर से निकाल दिया।
दहेज की मांग और उत्पीड़न से परेशान पीड़िता की तहरीर पर कैंट पुलिस ने पिता-पुत्र समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, दुष्कर्म समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कैंट क्षेत्र के ट्रांसपोर्टनगर इलाके के एक मोहल्ले की रहने वाली पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि वर्ष 2003 और 2007 में माता-पिता की मौत के बाद वह दादा-दादी की देख रेख में रहने लगी। बड़हलगंज क्षेत्र के मऊ बुजुर्ग गांव निवासी अनूप दूबे उनके घर आता जाता था। इस दौरान उसने मेल जोल बढ़ा लिया।
नवम्बर 2019 में वह वैष्णो देवी के दर्शन कराने ले गया। वहां एक होटल में नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया। जब उसे इसकी जानकारी हुई तो शादी करने की बात कहकर अनूप ने उसे शांत करा दिया। इस बीच 26 जुलाई 2020 को उसने दोबारा दुष्कर्म किया। दबाव बनाने पर 31 जुलाई 2020 को कोर्ट मैरिज की।
आरोप है कि शादी के बाद अनूप दूबे, उसके बहनोई शत्रुधन शुक्ला, भाई आशुतोष दूबे और पिता हर्षवर्धन दूबे उसके घर आए और 30 लाख रुपये की मांग करने लगे। रुपये देने में असमर्थता जताने पर वह जानमाल की धमकी देते हुए अनूप को भूल जाने की चेतावनी दी।
कैंट पुलिस ने आरोपित अनूप दूबे, उसके पिता हर्षवर्धन दूबे, भाई आशुतोष दूबे, बड़हलगंज जाईपार निवासी आदित्य दूबे और गोला क्षेत्र के झरकटा निवासी बहनोई शत्रुधन शुक्ला के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।