गोरखपुर-बस्ती मंडल में मिली थी बड़ी सफलता
गोरखपुर-बस्ती मंडल में विधानसभा की 41 सीटें हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को जबरदस्त सफलता मिली थी। पार्टी व उसके सहयोगी दलों ने 37 सीटों पर जीत दर्ज की थी। भाजपा अकेले 35 सीटें जीतने में कामयाब हुई थी। सपा, बसपा और कांग्रेस को चार सीटों पर जीत मिली थी। बस्ती मंडल के तीन जिलों में विपक्ष का सूपड़ा साफ हो गया था। इस मंडल के तीन जिलों (बस्ती, संतकबीरनगर व सिद्धार्थनगर) में विधानसभा की 13 सीटें हैं। सभी सीटें भाजपा व उसके सहयोगी दलों ने जीती थीं।
अखिलेश के गढ़ में भी गरजेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के गढ़ आजमगढ़ में भी दहाड़ेंगे। सातवें चरण के चुनाव से पहले आजमगढ़ में जनसभा करेंगे। वहां विधानसभा की 10 सीटें हैं। 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को एक सीट पर जीत मिली थी। पार्टी इस बार सहयोगी दल निषाद पार्टी व अपना दल (एस) के साथ चुनाव मैदान में है। पार्टी नेताओं का कहना है कि इस चुनाव में अच्छे नतीजे सामने आएंगे।
गोरखपुर क्षेत्र में मिली थीं 46 सीटें
भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के लिहाज से गोरखपुर, बस्ती और आजमगढ़ मंडल के 10 जिलों में विधानसभा की 62 सीटें हैं। 2017 के चुनाव में भाजपा व उसके सहयोगी दलों ने 46 सीटें जीती थीं। भाजपा अकेले ही 44 सीटें जीतने में कामयाब हुई थी। लिहाजा, पार्टी पूरा जोर लगाएगी। इस क्षेत्र का चुनाव छठवें और सातवें चरण में होना है।
शाह-योगी सहित तमाम नेता भी करेंगे प्रचार
भाजपा की क्षेत्रीय इकाई ने छठवें और सातवें चरण में धुआंधार चुनाव प्रचार की रणनीति बना ली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ताबड़तोड़ जनसभाएं होंगी। रोडशो भी होगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का भी कार्यक्रम मांगा गया है। गृहमंत्री अमित शाह गोरखपुर में रोडशो कर सकते हैं। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की भी जनसभा कराई जाएगी। भाजपा नेताओं के मुताबिक 22 फरवरी के बाद शीर्ष स्तर के नेता चुनाव प्रचार में जुट जाएंगे। यह सिलसिला छठवें व सातवें चरण के चुनाव प्रचार खत्म होने तक चलता रहेगा।