पीएम मोदी, सोनम कपूर, बराक ओबामा। (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला।
यूपी के सिद्धार्थनगर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच डुमरियागंज ब्लॉक की भैंसहिया ग्राम पंचायत की निर्वाचक नामावली की कथित सूची सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है।
सूची में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति ओबामा, देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सपा के संरक्षक मुलायम सिंह यादव, आतंकी संगठन अलकायदा का प्रमुख रहा लादेन जैसे लोगों के नाम शामिल है। सूची की प्रमाणिकता पर जिम्मेदार संशय व्यक्त कर रहे हैं।
सोशल मीडिया में मंगलवार को विकास खंड डुमरियागंज के प्राथमिक पाठशाला भैंसहिया से संबंधित पंचायत निर्वाचक नामावली 2020 का एक पन्ना वायरल हुआ। सूची में क्रमांक, मकान नंबर समेत ऐसे मतदाताओं के नाम का उल्लेख हैं, जिसे जानकर हर किसी को हैरानी हो रही है।
सूची में इनके नाम भी हैं शामिल
सूची में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज चौहान, पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव और मायावती, अलकायदा संगठन के प्रमुख रहे लादेन के साथ ही फिल्म अभिनेत्री सोनम कपूर के नाम अंकित हैं। पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच वायरल सूची के सही अथवा फर्जी होने की सच्चाई पर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने मतदाता सूची की प्रमाणिकता पर संदेह व्यक्त करते हुए कहा कि अभी तो निर्वाचक नामावली का पुनरीक्षण कार्य चल रहा है, प्रकाशन हुआ ही नहीं। यदि इस सूची को सही मान भी लिया जाए तो इसका अर्थ होगा कि यह नाम 2015 की मतदाता सूची में दर्ज किए गए थे। पुनरीक्षण का काम इसीलिए चल रहा है कि यदि कोई गलत नाम है तो उसे हटाया जाए।
वल्दियत में भी बड़ी हस्तियों के नाम
पंचायत निर्वाचक सूची में निर्वाचक के नाम के आगे दर्ज किया गया पिता के नाम भी भ्रमित करने वाला है। बराक के पिता ओबामा, शिवराज के पिता चौहान, नरेंद्र मोदी के पिता दामोदर मोदी, माया के पिता मुलायम, लादेन के पिता का नाम मोदी, होने का जिक्र है। ऐसे में वायरल सूची प्रथमदृष्टया फर्जी साबित हो रही है।
पांच वर्ष तक नहीं पड़ी किसी की नजर
डीएम के मुताबिक कथित मतदाता सूची 2015 की हो सकती है। अब ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है। पांच वर्ष पूर्व की सूची पर चुनाव संपन्न हो चुके। इसके बाद भी इतनी बड़ी त्रुटियों पर किसी की नजर क्यों नहीं पड़ी, यह बड़ा सवाल है।