आवंटित होने के बावजूद फैक्ट्री नहीं लगाने वाले आवंटियों का प्लाट निरस्त किया जाएगा। गीडा प्रशासन ने ऐसे 150 से ज्यादा आवंटियों को चिह्नित करते हुए नोटिस जारी करना शुरू कर दिया है। इन सभी को 31 दिसंबर तक हर हाल में फैक्ट्री स्थापित करने का अल्टीमेटम दिया है। इसके बाद से आवंटन निरस्त कर उद्योग लगाने के इच्छुक उद्यमियों को प्लाटों का आवंटन कर दिया जाएगा।
गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) प्रशासन ने गीडा औद्योगिक क्षेत्र में 850 औद्योगिक प्लाट आवंटित किए हैं। वर्तमान समय में इनमें करीब 600 उद्योग संचालित हैं। 60 से 70 प्लाटों पर निर्माण कार्य चल रहा है। गीडा प्रशासन ने हाल में करीब 150 ऐसे औद्योगिक प्लाटों का चिह्नित किया है, जिनका आवंटन पांच-छह साल पहले हुआ था। ऐसे में उद्योग लगाने की अवधि पूरी हो चुकी है, लेकिन अब तक इन आवंटियों ने न तो उद्योग लगाया है और न ही निर्माण शुरू किया है।
प्रदेश सरकार ने दिया है 31 दिसंबर तक अल्टीमेटम
आचार संहिता लगने के पहले प्रदेश सरकार ने यह अल्टीमेटम जारी किया था कि जिन भी आवंटियों ने निर्धारित अवधि तक उद्योग स्थापित नहीं किया है, उनका आवंटन निरस्त कर दिया जाएगा। इसके लिए शासन ने 31 दिसंबर की समय सीमा तय की है।
गीडा सीईओ पवन अग्रवाल ने कहा कि गीडा क्षेत्र में करीब 150 ऐसे प्लाटों को चिह्नित किया है, जिन पर निर्धारित अवधि बीत जाने के बावजूद उद्योग का निर्माण नहीं किया गया है। ऐसे सभी आवंटियों को नोटिस भेजा जा रहा है। 31 दिसंबर तक अगर आवंटित प्लाट पर उद्योग नहीं लगाया जाता है तो आवंटन निरस्त कर उद्योग लगाने के इच्छुक लोगों को आवंटित कर दिया जाएगा। गीडा प्रशासन की सिर्फ यही मंशा है कि आवंटित प्लाटों पर उद्योग लगे। अगर किसी आवंटी को उद्योग लगाने में किसी भी तरह की दिक्कत आ रही है तो गीडा प्रशासन निर्धारित अवधि के बीच उनकी समस्याओं के निस्तारण की कोशिश भी करेगा।