- नीट 2024 के लिए पंजीकृत थे 19600 छात्र- परीक्षा में 19,104 उपस्थित और 496 ने छोड़ दी परीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की ओर से मेडिकल परीक्षा (नीट) रविवार को 37 केंद्र पर शांति पूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा देकर निकले छात्रों ने बताया कि केमेस्ट्री में न्यूमेरिकल कम थ्योरी आधारित अधिक सवाल थे। इसी तरह फिजिक्स में भी कठिन सवाल पूछे गए थे। छात्रों ने बताया कि फिजिक्स और केमेस्ट्री के सवालों का उत्तर देने में अधिक समय लगा। जबकि बायोलॉजी के आसान सवालों का जवाब देने में कम समय लगा। इससे तीन घंटे में पूरे सवालों के जवाब देने में आसानी हुई। छात्रों का कहना था कि जिसने भी नियमित पढ़ाई की थी, उसे सवालों का जवाब देने में परेशानी नहीं हुई।
जिले में नीट के लिए 37 केंद्र बनाए गए थे। हर कक्ष में दो कक्ष निरीक्षक तैनात थे। इस परीक्षा में 19,600 छात्र पंजीकृत थे। इसमें से 19,204 छात्र शामिल हुए। जबकि 496 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी। रविवार को दो बजे से शाम 5:20 बजे तक परीक्षा होनी थी। इसको देखते हुए छात्र दोपहर 12:30 बजे तक अपने-अपने केंद्र के बाहर आकर खड़े हो गए थे। केंद्र के बाहर बोर्ड पर सूची लगी थी। सूची देखकर छात्र अपने कक्ष की ओर जा रहे थे।
जिले में दूर-दूर केंद्र बनाने की वजह से परीक्षा छूटने के बाद कहीं जाम की समस्या सामने नहीं आई। ये बता दें कि नीट यूजी के जरिए भारत में 645 मेडिकल, 313 डेंटल, 914 आयुष, 47 बीवीएससी और एएच कॉलेजों में प्रवेश दिया जाएगा।
ओएमआर शीट भरने के लिए 20 मिनट
दोपहर दो से 5:20 बजे तक परीक्षा संपन्न हुई। छात्रों को ओएमआर शीट भरने के लिए 20 मिनट अतिरिक्त समय दिया गया था। परीक्षा के दौरान हर केंद्र पर पुलिस जवान भी मुश्तैद थे। कहीं भी परीक्षा के दौरान कोई परेशानी सामने नहीं आई। सीबीएसई कोआर्डिनेटर अजीत दीक्षित ने बताया कि सभी केंद्र पर शांति पूर्वक परीक्षा आयोजित हुई है। कहीं से भी कोई शिकायत सामने नहीं आई है।
कोट-
बहुत आसान पेपर आया था। जिसने भी रेग्युलर पढ़ाई की थी। उसे सवालों का जवाब देने में जरा भी परेशानी नहीं आई होगी। बायोलॉजी का पेपर आसान था।
अनामिका गुप्ता, छात्रा
माइनस मार्किंग भी था, इसका ख्याल रखकर जो सवाल आ रहा था, उसका जवाब दिया है। फिजिक्स, केमेस्ट्री से कठिन सवाल पूछे गए थे। बायोलॉजी के सवालों ने बहुत राहत दी है।
जाह्नवी सिंह, छात्रा