विदेश जाने या अन्य हवाई यात्राओं के लिए जरूरी आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट में छेड़छाड़ कर लोग यात्रा कर रहे हैं। ऐसे ही एक मामले में फर्जी रिपोर्ट के इस्तेमाल करने पर लखनऊ में यात्री पकड़ा गया है। लखनऊ एयरपोर्ट पर वह गोरखपुर स्थित पैथोलॉजी से जारी रिपोर्ट के आधार पर नाम बदल कर विदेश जाने के लिए इसका इस्तेमाल कर रहा था।
इसके बाद रवीश पैथालॉजी के संचालक ने मामले में कैंट थाने में केस दर्ज कराया है। मामला 22 जुलाई का है। वहीं एक अन्य मामले में विजय कुमार मिश्र के नाम से जारी रिपोर्ट को लालू प्रसाद शाह के नाम पर 23 जुलाई को जारी दिखाया गया। उसे भी विदेश जाना था। जब युवक इसका प्रिंट आऊट निकालने पैथालॉजी पर पहुंचा तो उसे पता चला कि इसका इस्तेमाल पहले ही किसी ने कर लिया है। ऐसे में उसकी रिपोर्ट का भी फर्जी तरीके से इस्तेमाल कर लिया गया है। इसे भी रविश पैथोलॉजी से ही जारी हुआ दिखाया गया। इससे से पता चलता है कि जिले से विदेश और दूसरे राज्यों में जा रहे लोग फर्जी आरटीपीसीआर रिपोर्ट का उपयोग यात्रा के लिए कर रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, गोरखपुर के निवासी दुर्गेश कुमार की आरटीपीसीआर रिपोर्ट 16 जून को जारी हुई थी। इसी रिपोर्ट पर दुर्गेश का नाम बदलकर चंदन राजभर कर दिया गया। इसका खुलासा लखनऊ एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग के दौरान 22 जुलाई को हुआ। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने जब जांच की तो चला कि गोरखपुर के रवीश पैथोलॉजी से रिपोर्ट जारी की गई है।