गोरखपुर के ऑक्सीजन प्लांट कोरोना वायरस से जंग के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। पिछले वर्ष कोरोना संक्रमण के समय गोरखपुर के ऑक्सीजन प्लांटों की सिलिंडर रिफिलिंग की क्षमता मात्र 4000 सिलिंडर प्रतिदिन के आसपास थी, इस समय बढ़कर 11 हजार हो गई है। वहीं गोरखपुर के छह अस्पतालों में पहली बार जंबो जेट ऑक्सीजन सिलिंडर का इस्तेमाल होगा।
मोदी केमिकल्स के गोरखपुर और देवरिया प्लांट में रोजाना करीब 8300, आरके ऑक्सीजन में 1400 और अन्नपूर्णा गैसेज में 500 सिलिंडर भरे जा सकते हैं। वहीं आरके ऑक्सीजन पहली बार शहर के अस्पतालों में जंबो जेट ऑक्सीजन सिलिंडर लगाने जा रहा है।
मोदी केमिकल्स के निदेशक प्रवीण मोदी ने बताया कि दुर्भाग्य से कोरोना संक्रमण दोबारा फैलता है तो ऑक्सीजन की कमी नहीं होगी। गोरखपुर प्लांट की क्षमता बढ़ाकर 4500 कर दी गई है। देवरिया में करीब 3600 क्षमता का प्लांट लगा दिया गया है।
आरके ऑक्सीजन के निदेशक कुशाग्र जायसवाल ने बताया कि इस बार शहर के छह अस्पतालों में जंबो जेट सिलिंडर के जरिए ऑक्सीजन गैस की आपूर्ति की जाएगी। वहीं पूरी क्षमता के साथ प्लांट में 1400 ऑक्सीजन सिलिंडर की रिफिलिंग की जा सकेगी।