गोरखपुर विश्वविद्यालय की विभिन्न कक्षाओं में प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन पांच जून से करें। प्रवेश के लिए निर्देशिका भी वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी। आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून है। स्नातक एवं परास्नातक के विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन फार्म विश्वविद्यालय की वेबसाइट
www.ddugu.ac.in पर उपलब्ध है।
प्रशासनिक भवन के कमेटी हाल में बृहस्पतिवार को कुलपति प्रो. विजय कृष्ण सिंह की अध्यक्षता में प्रवेश समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया। कुलपति ने कहा कि कोरोना के दृष्टिगत सावधानी बरतते हुए इस बार विश्वविद्यालय ने प्रवेश की प्रक्रिया को विकेंद्रीकृत कर दिया है, जिससे संबंधित निर्णय पूर्व की बैठक में लिए गए हैं।
प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली परीक्षा में परीक्षार्थियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सामाजिक दूरी का विशेष ध्यान रखा जाएगा। मीडिया प्रभारी ने बताया कि कोरोना के खतरे को देखते हुए प्रवेशार्थियों को विश्वविद्यालय द्वारा जारी किए गए सुरक्षात्मक निर्देश का पूर्ण रूप से पालन करना होगा। आभार ज्ञापन कुलसचिव डॉ. ओमप्रकाश ने किया। इस दौरान प्रति कुलपति प्रो. हरिशरण, प्रवेश समन्वयक प्रो. विजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक, लेखाधिकारी एवं समस्त संकायों के अधिष्ठाता उपस्थित रहे।
20 फीसदी कम देना है शुल्क
मीडिया प्रभारी प्रो. अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि कोरोना के दृष्टिगत 20 प्रतिशत कटौती के बाद स्नातक में सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 600 रुपये तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति संवर्ग के लिए 400 रुपये आवेदन शुल्क जमा करना होगा। परास्नातक में सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 800 रुपये तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति संवर्ग के लिए 600 रुपये आवेदन शुल्क के साथ जमा करना होगा। प्रवेश से संबंधित सभी जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट से ले सकते हैं।