देवरिया जिले में मुंबई से आया एक और युवक कोरोना संक्रमित पाया गया। इससे पूर्व तीन संक्रमित भी मुंबई से ही आए थे। वहीं शुक्रवार को युवक कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर बहरज के एक मैरेज हॉल में क्वारंटीन युवक को एंबुलेंस से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।
उधर, आरोग्य सेतु एप पर एक किलोमीटर के दायरे में एक और कोरोना पॉजिटिव की लोकेशन बताए जाने से लोगों में भय पैदा हो गया है। दीवानी कचहरी, कलेक्ट्रेट आस-पास के इलाकों में स्वास्थ्य टीम ने अभियान चलाकर थर्मल स्क्रीनिंग किया, लेकिन मरीज का पता नहीं चल सका।
लक्ष्मीपुर गांव निवासी एक युवक मुंबई में रहता था। 10 मई को वह रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के गौरा निवासी रिश्तेदार के साथ देवरिया पहुंचा। जिला अस्पताल में जांच के बाद दोनों का सैंपल लेकर क्वारंटीन कर दिया गया। शुक्रवार को जांच रिपोर्ट आई तो लक्ष्मीपुर गांव निवासी युवक की रिपोर्ट पाजिटिव आई।