गोरखपुर जिले में खोराबार थाना क्षेत्र के बहरामपुर कुरमौल के सामने फोरलेन पर शनिवार की सुबह तकरीबन पांच बजे दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इसमें एक ट्रक चालक की मौत हो गई। इसके अलावा दूसरे ट्रक के चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। मृत चालक पंजाब प्रांत का रहने वाला था।
जानकारी के मुताबिक फोरलेन पर सिक्टौर व माड़ापार के बीच एक प्लाई लदा ट्रक पलट गया था, जिसके कारण हाइवे का एक लेन बंद था। शनिवार की सुबह कुशीनगर की तरफ जा रहा ट्रक बहरामपुर कुरमौल के पास पहुंचा तो उसी लेन में सामने से आ रहे दूसरे ट्रक से टक्कर हो गई।
इसमें से एक ट्रक के ड्राइवर कुलवंत सिंह निवासी नाहरपुर गुरदासपुर पंजाब की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि इस ट्रक पर चायपत्ती लदी थी जिसे चालक कुलवंत सिंह लेकर असम से पंजाब जा रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके अलावा दूसरे ट्रक के चालक व खलासी समेत तीन लोग घायल हैं। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया।
एनएच 28 के कंट्रोल रूम इंचार्ज गुड्डू यादव ने बताया कि सिक्टौर के पास फोरलेन पर प्लाई लदा ट्रक पलट गया था, इसी कारण सिक्टौर से माड़ापार तक एक लेन बंद था। जिसके कारण दोनों लेन की गाड़ियां एक ही लेन में चल रही थीं। ट्रकों को किनारे हटवाकर आवागमन शुरू करा दिया गया है।