गोरखपुर जिले में अब तक करीब 200 डेंगू मरीज हो गए हैं। इनमें एम्स की सूची शामिल नहीं है क्योंकि एम्स में भर्ती व इलाज कराने वाले मरीजों की सूची एम्स प्रशासन ने उपलब्ध नहीं कराई है। ऐसे में बुधवार को मलेरिया विभाग के अधिकारी एम्स जाएंगे और रिपोर्ट लेंगे।
जिला मलेरिया अधिकारी अंगद कुमार सिंह ने बताया कि एम्स में मेडिसिन के डॉ अरुप मोहंती ने संपर्क किया है। एम्स के डॉक्टर ने बताया कि बुधवार को रिपोर्ट जुटाई जाएगी। अब तक जो मरीज भर्ती हुए हैं उनकी पूरी सूची बनाई जाएगी। इसके अलावा जांच कराने वाले और पॉजिटिव मरीजों की भी लाइन सूची तैयार होगी। सूची मिलने के बाद प्रभावित मरीजों के घर के आसपास सोर्स रिडक्शन कराया जाएगा।
डेंगू प्रभावित कॉलोनियों में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम
डेंगू के ज्यादातर मरीज शहरी क्षेत्र के हैं। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित कॉलोनियों में जागरुकता लाने का निर्णय लिया है। मंगलवार को जिला मलेरिया अधिकारी के नेतृत्व में टीम ने डेंगू प्रभावित मोहल्ला ऊंचवा, खोखर टोला, शीश महल, जाफरा बाजार, माया बाजार और गीता प्रेस में सोर्स रिडक्शन और जागरुकता का काम किया। इस दौरान डेंगू मरीजों के घर का टीम ने दौरा भी किया। कूलर, गमले, कबाड़ में एकत्र पानी को साफ कराकर छिड़काव कराया।
पांच घरों के मालिकों को नोटिस
जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कई घरों में मच्छरों के लार्वा मिले। पांच घरों के मालिकों को नोटिस दिया गया है। इसमें अर्बन पीएचसी बसंतपुर में दो घर और खोखर टोला, शीश महल और जाफरा बाजार में एक-एक घर शामिल हैं।