महराजगंज। रानी लक्ष्मीबाई महिला व बाल सम्मान कोष योजना के तहत 301 पीड़िताओं को अब तक सहायता राशि नहीं मिली है। अमर उजाला में बुधवार को रानी लक्ष्मीबाई सम्मान कोष..राहत राशि की आस में बैठी हैं 301 पीड़िताएं, खबर प्रकाशित होने के बाद जिम्मेदारों की नींद टूटी तो कार्रवाई शुरू कर दी गई।
जिला परामर्शदाता, जिला प्रोबेशन अधिकारी, सीएमओ ने वार्ता कर पत्रावली का खंगालना शुरू कर दिया है। दुष्कर्म या एसिड अटैक जैसी घटनाओं से पीड़ित महिला एवं बालिकाओं को रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष से जल्द ही प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इसके विभाग की ओर से प्रयास शुरू कर दिया गया है। समन्वय बनाकर काम किया जाएगा।
जिला अस्पताल में परामर्शदाता डॉ. पवन कुमार सिंह ने बताया कि जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के बाद कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी। आने वाले दिनों में तेजी से फाइल का निस्तारण किया जाएगा। शासन की मंशा के अनुरूप सभी जरूरी कार्रवाई तेज कर दी गई है। संबंधित विभाग के अधिकारी से इस संबंध में वार्ता की गई है।
जिला प्रोबेशन अधिकारी शांत प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि मामले को लेकर गंभीरता बरती जा रही है। लंबित पत्रावली का निस्तारण नियम के अनुसार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 25 मार्च को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक होगी।
इसमें 38 फाइलों का प्रथम चरण में निस्तारण कराया जाएगा। जिला अस्पताल के परामर्शदाता से इस प्रकरण में सभी जरूरी बिंदुओं पर वार्ता की जा चुकी है। फाइलों के निस्तारण के बाद पीड़िताओं को सहायता राशि मिलने की राह आसान हो जाएगी।