नगर आयुक्त ने निर्माणाधीन बस चार्जिंग स्टेशन का निरीक्षण किया।
- फोटो : अमर उजाला
गोरखपुर जिले के शिवपुर शाहबाजगंज वार्ड में करोड़ों की भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ नगर निगम ने नोटिस जारी किया है। वार्ड के पार्षद अफरोज गब्बर की शिकायत पर नगर निगम के द्वारा कार्रवाई की गई।
नगर निगम की जमीन पर शिवपुर शाहबाजगंज वार्ड में एक व्यक्ति के द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया है। पार्षद की शिकायत पर नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम ने शुक्रवार को जाकर मुआयना किया। अवैध कब्जा मिलने पर संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी किया गया। साथ ही उसे नगर निगम में सारे दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के लिए कहा गया। इस दौरान नगर निगम इंफोर्समेंट टीम के प्रभारी कर्नल सीपी सिंह, आरआई राम सुचित सफाई निरीक्षक राम विजयपाल मौजूद रहे।
फोल्डिंग मेज और पानी की टंकी किया जब्त
नगर निगम के इंफोर्समेंट टीम ने शुक्रवार को मोहद्दीपुर बस स्टैंड के पास रोड के किनारे लगाए जाने वाले अवैद्य ठेला, खोमचा, चाट आदि से संबंधित अतिक्रमण को हटाया और पांच मेज, दो पानी टंकी को जब्त कर लिया। इसके अलावा इंफोर्समेंट टीम ने प्रतिबंधित पॉलिथीन मिलने पर दुकानदारों से 500 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।
बस चार्जिंग स्टेशन के काम में तेजी लाने का निर्देश
नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने शुक्रवार को मुख्य अभियंता सुरेश चंद के साथ महेसरा स्थित निमार्णाधीन बस चार्जिंग स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारियों को समय से पूर्ण कार्य कराने का निर्देश दिया।
जहां मिले डेंगू के मामले किया गया छिड़काव
शहर में जिन स्थानों पर डेंगू के मामले मिले इलाकों में नगर निगम की ओर से विशेष दस्तक एंव संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत विशेष छिड़काव किया गया। शुक्रवार को नगर आयुक्त अविनाश सिंह के निर्देश पर दयानंद नगर, कल्याणपुर, जाफरा बाजार, महेसरा, राजघाट एंव बसंतपुर व पांचों जोन में टेमीफॉस एवं एंटीलार्वा छिड़काव के साथ वार्डों में सैनिटाइजेशन और फॉगिंग का कार्य कराया गया।