झांसी के स्ट्राबेरी महोत्सव की तर्ज पर गोरखपुर में ‘सुनहरी महोत्सव’ का आयोजन होगा। खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर इस महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई है। मुख्यमंत्री इस महोत्सव का उद्घाटन भी करेंगे।
फरवरी के दूसरे सप्ताह में गोरखपुर शहर के मोहद्दीपुर स्थित होटल रेडिसन ब्लू में इसका आयोजन होगा, जहां सुनहरी शकरकंद के उत्पादन, विपणन और उपभोग बढ़ाने पर चर्चा होगी। महोत्सव के दौरान इस शकरकंद से बने 20 से अधिक लजीज व्यंजनों का स्वाद भी लिया जा सकेगा।
महोत्सव की तैयारियों के संबंध में बृहस्पतिवार डीएम के. विजयेंद्र पांडियन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक भी हुई। डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की इच्छा है कि सुनहरी शकरकंद के जरिए गोरखपुर का फ्लेवर पूरी दुनिया में पहुंचे। जिला प्रशासन जल्द ही सुनहरी शकरकंद को आंगनबाड़ी के हॉट कुक्ड योजना और परिषदीय स्कूलों के मिड डे मील योजना में भी शामिल करने का प्रस्ताव शासन को भेजेगा।
पोषण से भरपूर है सुनहरी शकरकंद
बैठक के दौरान डीएम ने होटल रेडिसन ब्लू के प्रतिनिधियों से कहा कि वह तैयारी कर लें। देखें कि सुनहरी शकरकंद के व्यंजनों को स्टार्टर, मेन कोर्स और डेजर्ट के रूप में कैसे परोसा जा सकता है? सीडीओ इंद्रजीत सिंह ने सुनहरी शकरकंद की खेती का क्षेत्रफल बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि उत्पादन बढ़ेगा तो कुपोषण की समस्या तो दूर होगी ही, किसानों की आय में भी इजाफा होगा।
बैठक में उप निदेशक उद्यान डीके वर्मा ने बताया कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से पोषण वाटिकाओं में सुनहरी शकरकंद की खेती को बढ़ावा दिया जाएगा। इस दौरान बेसिक शिक्षा, आंगनबाड़ी, आजीविका मिशन आदि विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
कृषि वैज्ञानिक रामचेत चौधरी ने बताया कि हमारी टीम ने सुनहरी शकरकंद से चिप्स, जूस, हलवा, सुनहरी की पत्तियों के पकोड़े समेत 20 डिश तैयार किए हैं। बैठक में मौजूद कृषि वैज्ञानिक रामचेत ने इसके गुणों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि यह पोषण से भरपूर है। वह खेती के लिए अफ्रीकी देशों में प्रोजेक्ट वर्क भी कर चुके हैं।
कहा कि यह तेजी से उत्पादित होने वाली फसल है। इसमें विटामिन ए बीटा कैरोटीन के रूप में प्रचुरता से मौजूद है। इसके पोषक गुणों के चलते ही बीते तीन साल से वर्ल्ड फूड प्राइज इसी के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को मिल रहा है। यही नहीं गोरखपुर से सटे महराजगंज जिले के वनटांगिया किसान रामगुलाब की तारीफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मन की बात कार्यक्रम में कर चुके हैं। रामगुलाब एफपीओ बनाकर सुनहरी शकरकंद की खेती कर रहे हैं और उनके उत्पाद की बिक्री अब मुंबई और गुजरात में होगी। इसके लिए उन्होंने गुजरात की एक कंपनी से करार किया है।