दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय एवं संबंध महाविद्यालयों में चल रही वार्षिक परीक्षाओं की शुचिता को बनाए रखने के लिए ऑब्जर्वर, उड़ाका दल के साथ सेंट्रल ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जा रही है। ऑनलाइन निगरानी के तहत अब तक 12 महाविद्यालयों को नोटिस जारी किया गया है।
27 जुलाई से शुरू हुई वार्षिक परीक्षाओं की ऑनलाइन निगरानी के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने पहली बार सेंट्रल ऑनलाइन मॉनिटरिंग सेल का गठन किया है। पहले दिन की परीक्षा के दौरान 103 महाविद्यालय विश्वविद्यालय की ओर से भेजे गए लिंक से मॉनिटरिंग सेल से नहीं जुड़ सके थे।
कुलपति प्रो. राजेश सिंह ने इस पर नाराजगी जताते हुए सभी महाविद्यालयों को चेतावनी जारी किया था। साथ ही पांच हेल्पलाइन नंबर जारी कर सभी महाविद्यालयों को तकनीकी व्यवधान दूर कराने का निर्देश दिया था। स्पष्ट किया था कि लापरवाही करने वाले केंद्राध्यक्षों को बदलने की कार्रवाई शुरू की जाएगी। इस पहल के बाद से सभी केंद्राध्यक्षों ने हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर तकनीकी व्यवधान को दूर कराया। मौजूदा समय में सेंट्रल ऑनलाइन मॉनिटरिंग सेल 213 केंद्रों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग कर रहा है।
कुलपति कार्यालय में बना परीक्षा शिकायत प्रकोष्ठ
वार्षिक परीक्षाओं को लेकर कुलपति कार्यालय में ऑनलाइन शिकायत सेल की स्थापना की गई है। वार्षिक परीक्षा से जुड़ी किसी भी प्रकार की समस्या के लिए कोई भी विद्यार्थी, शिक्षक, मैनेजर, केंद्राध्यक्ष और 9453033996 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसकी निगरानी कुलपति कार्यालय द्वारा की जाएगी। गलत शिकायत पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षा से 30 मिनट पहले और बाद तक चालू रखना होगा कैमरा
वार्षिक परीक्षाओं के दौरान प्रश्न पत्र खोलने और उत्तर पुस्तिकाओं के सील होने तक की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जाएगी। महाविद्यालयों को परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले और बाद तक रिकॉर्डिंग को ऑन रखने के साथ सुरक्षित रखना होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन कभी भी इस रिकॉर्डिंग को अपने पास मंगा सकता है।