गोरखपुर जिले में भी कोरोना के बढ़ते प्रसार को देखते हुए डीएम विजय किरन आनंद ने कलेक्ट्रेट स्थित इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम (ईसीसी), एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन समेत सभी प्रमुख स्थानों की निगरानी के लिए अलग-अलग नोडल अफसर तैनात किए हैं।
सभी को सूचनाओं के प्रसार के साथ ही इन स्थानों पर आने-जाने वाले लोगों की एंटीजन के साथ ही आरटीपीसीआर जांच सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि भीड़-भाड़ वाले इलाकों में लोग मॉस्क का इस्तेमाल करें और दो गज की दूरी का मंत्र अपनाएं।
डीएम ने कोरोना की तीसरी लहर को ध्यान में रखते हुए पूर्व की ही तरह फिर से कलेक्ट्रेट स्थित ई- डिस्ट्रिक्ट में स्थापित इंट्रीग्रेटेड कन्ट्रोल रूम को संचालित करने के लिए एडीएम प्रशासन पुरुषोत्तमदास गुप्ता को प्रभारी अधिकारी नामित किया है। इसी तरह सुनीता पटेल, उप जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी, को नोडल अधिकारी स्वास्थ्य विभाग तथा ई- डिस्ट्रिक्ट के प्रबंधक नीरज श्रीवास्तव को इंट्रीग्रेटेड कंट्रोलरूम का तकनीकी विशेषज्ञ नामित किया है।
इसी तरह कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए एडीएम सिटी को रेलवे स्टेशन, नगर मजिस्ट्रेट को एयरपोर्ट, अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम को रेलवे बस स्टैंणड, अपर नगर मजिस्ट्रेट द्वितीय को कचहरी बस स्टैंड तथा अपर नगर मजिस्ट्रेट तृतीय को छावनी रेलवे स्टेशन के स्थलों का नोडल अधिकारी बनाया है।
उन्होंने निर्देश दिए कि संबंधित अधिकारी आवंटित स्थलों का स्वंय निरीक्षण कर यह सुनिश्चित कराएं कि उक्त स्थलों पर सघन कोविड-19 जांच अभियान संचालित किया जाए तथा कार्यवाही की रिपोर्ट रोजाना कोविड कमांड एंड कन्ट्रोल सेंटर को उपलब्ध कराया जाए।