सहजनवां प्रतिनिधि के अनुसार पाली, पिपरौली और सहजनवां ब्लॉक में बोरों के अभाव में 12 से अधिक क्रय केंद्रों पर धान खरीद नहीं हुई। धान खरीद के लिए तीनों ब्लॉकों में हॉट शाखा, कृषि उपज मंडी, साधन सहकारी समिति, पीसीएफ, पीसीयू, कृषि उपज मंडी के धान क्रय केंद्र हैं। बोरा न होने के कारण धान क्रय केंद्र भीटी रावत, पचौरी, खजूरी, जबरैला, बिस्कोहर, कटसहारा तथा बुदहट क्रय केंद्र का कांटा शून्य कर दिया गया है। डीएस पीसीएफ अखिलेश यादव ने बताया कि बोरों की उपलब्धता नहीं होने के कारण धान खरीद रुकी है।
इन समस्याओं के लिए किया गया था कार्य बहिष्कार
क्रय केंद्रों पर धान खरीद में आ रही व्यावहारिक समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे यूपीएफएएसएसआईओ ने दो दिन तक खरीद कार्य का बहिष्कार किया था। एसोसिएशन के मंडलीय संरक्षक नरसिंह प्रसाद सिंह ने बताया कि धान क्रय मेें ऑनलाइन-ऑफलाइन टोकन व्यवस्था से दिक्कत आ रही है।
पिछला भुगतान नहीं होने के कारण राइस मिलें क्रय केंद्रों को बोरा नहीं उपलब्ध करा रही हैं। क्रय केंद्रों पर भंडारण की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। सोमवार को प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद विभाग ने समस्या समाधान पर सहमति जताई। इस पर सोमवार से क्रय केंद्रों पर खरीद शुरू की गई।