स्थानीय निकाय निर्वाचन क्षेत्र गोरखपुर-महराजगंज की विधान परिषद सीट के लिए मंगलवार को अधिसूचना जारी होने के साथ नामांकन कार्य शुरू हो गया। हालांकि पहले दिन एक भी पर्चे नहीं दाखिल हुए। सिर्फ भाजपा नेता सीपी चंद और सपा नेता रजनीश यादव समेत छह लोगों ने पर्चे लिए। इनमें गोरखपुर के ऋषिकेश गुप्ता, अमित कुमार पांडेय और महराजगंज के कौशिल्या चौरसिया और रामचंद्र सिंह का भी नाम शामिल है। अभी तक किसी भी राजनीतिक दल ने अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा नहीं की है।
गोरखपुर कलेक्ट्रेट स्थित डीएम कोर्ट में 22 मार्च तक सुबह 11 बजे से तीन बजे तक नामांकन कार्य चलेगा। 23 को नामांकन पत्रों की जांच और 25 मार्च को नाम वापसी की तारीख तय की गई है। नौ अप्रैल को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान और 12 अप्रैल को मतगणना होगी। डीएम इस चुनाव के रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) जबकि गोरखपुर और महराजगंज के उप जिला निर्वाचन अधिकारी को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर (एआरओ) बनाए गए हैं।
गोरखपुर-महराजगंज, दोनों ही जिलों में मिलाकर कुल 33 बूथ बनाए गए हैं। मतदाताओं की संख्या 5449 है। सभी ब्लॉकों में एक-एक बूथ हैं। साथ ही एक बूथ गोरखपुर नगर निगम क्षेत्र में बनाया गया है, जहां निगम के निर्वाचित पार्षद मतदान करेंगे। चुनाव में सांसद, विधायक, सभी प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य व अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य व अध्यक्ष के साथ ही निगम के पार्षद व मेयर तथा नगर पंचायतों के पार्षद व अध्यक्ष अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। वोटर लिस्ट तकरीबन तैयार है।
विधानसभा चुनाव के नतीजे के बाद कुछ नामों में बदलाव हो सकता है। मानक के मुताबिक, एक बूथ पर न्यूनतम 70 और अधिकतम 800 वोटर हो सकते हैं। नामांकन, कलेक्ट्रेट स्थित डीएम न्यायालय कक्ष में होगा। मतों कि गिनती का काम भी वहीं होगी। बता दें कि सात मार्च को एमएलसी का कार्यकाल खत्म हो गया है। गोरखपुर-महराजगंज की विधान परिषद सीट से सीपी चंद एमएलसी रहे।