राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की टीम ने बृहस्पतिवार को पाकिस्तानी कनेक्शन की तलाश में फरेंदा के विकासनगर कॉलोनी में छापा मारा, लेकिन आरोपी तलहा खान नहीं मिला। विकासनगर में आरोपी तलहा की ससुराल है। एनआईए को बिहार निवासी आरोपी के ससुराल में होने की सूचना मिली थी।
जानकारी के मुताबिक, एनआईए टीम की छापे की कार्रवाई करीब पांच घंटे चली। इस दौरान टीम ने आरोपी के ससुराल वालों से कई दौर की पूछताछ की। टीम अपने साथ कुछ कागजात और लैपटॉप ले गई है। साथ ही नोटिस देकर आरोपी को 21 सितंबर को रांची में हाजिर होने को कहा है।
बताया जाता है कि तलहा खान कुछ दिनों पहले तक अलीगढ़ में एक आईटी कंपनी में काम करता था। वहां वह अपने एक साथी के साथ किराए के कमरे में रहता था। कुछ दिनों पहले सुरक्षा एजेंसियों ने छापा मारकर तलहा खान के रूममेट को पाकिस्तानी कनेक्शन के आरोप में गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने तलहा खान का भी नाम बताया था।