गोरखपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां चिलुआताल थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव के सामने रविवार की देर शाम हुए हादसे में घायल एक और व्यक्ति की मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके अलावा इस हादसे में घायल दो लोगों को एसजीपीजीआई लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया है।
एक घायल का मेडिकल कॉलेज में ही इलाज चल रहा है जबकि एक को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। रविवार को देर शाम जगतबेला-डोहरिया मार्ग पर अहिरौली गांव के सामने दो बाइक में आमने-सामने टक्कर हुई थी। एक बाइक पर फुलवरिया निवासी मोनू विश्वकर्मा, अभिषेक उर्फ बागड़ व विनोद सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर ग्राम सभा राजाबारी निवासी रूदल, रामऔतार व सुधीर शर्मा थे।
इस हादसे में मोनू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जबकि अभिषेक उर्फ बागड़, विनोद, रूदल, रामऔतार व सुधीर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पांचों घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। देर रात राजाबारी निवासी रामऔतार की भी मौत हो गई।
इसके अलावा फुलवरिया निवासी अभिषेक उर्फ बागड़ व सुधीर शर्मा की हालत नाजुक देख पीजीआई लखनऊ रेफर कर दिया गया। घायल विनोद का मेडिकल कॉलेज में ही उपचार हो रहा है। घायल रुदल को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
बेटे का मुंडन कराने आया था युवक
फुलवरिया निवासी रामऔतार मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। वह अपने बेटे के मुंडन संस्कार में घर आया हुआ था। दस दिन पूर्व ही रामऔतार के पिता भी गिरकर घायल हो गए थे। पत्नी रिंकी, बेटा अंकुश व आदर्श की हालत दयनीय हो गई है।