गोरखपुर के ट्रांसपोर्ट नगर पुलिस चौकी से राजघाट पुल तक बृहस्पतिवार को नगर निगम, यातायात पुलिस और जिला प्रशासन का संयुक्त अभियान चला। इस दौरान कुल 160 ठेले वालों का चिह्नित किया गया। साथ ही उन्हें जल्द से जल्द शेड में शिफ्ट होने की चेतावनी दी गई।
नगर निगम प्रशासन ने ट्रांसपोर्टनगर से लेकर राजघाट पुल तक सड़क को नो-वेंडिंग जोन घोषित किया है। इस जोन में ठेला-खोमचा लगाने वालों को नगर निगम की ओर ट्रांसपोर्टनगर पुलिस चौकी के पीछे बनाए गए शेड में शिफ्ट किया जाना है। इसी क्रम में नगर निगम की ओर से ट्रांसपोर्टनगर पुलिस चौकी से राजघाट पुल के बीच ठेला लगाने वालों को चिह्नित करने के साथ उन्हें शेड में जाने के लिए कहा जा रहा है।
इसे भी पढ़ें: खेत की रखवाली करने गए अधेड़ की सिर कूचकर हत्या, हत्यारों ने हाथ-पैर भी तोड़ा
बृहस्पतिवार को प्रशासन, यातायात पुलिस और नगर निगम की टीम ने सभी को चिह्नित किया। साथ ही उद्घोषणा कर सभी को वेंडिंग जोन शेड में जाने को कहा गया। इंफोर्समेंट टीम के अजीत कुमार पांडेय ने कहा कि सभी वेंडरों का नाम लिखा गया है। यहां कुल 160 ठेला लगाने वाले चिह्नित किए गए हैं। अगले कुछ दिनों में सभी को शेड में शिफ्ट कर दिया जाएगा। इस दौरान पॉलिथीन पर मिलने पर 2000 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।
विजय चौराहा से गणेश चौक तक हटाया गया नाले से अतिक्रमण
नगर निगम की टीम ने बृहस्पतिवार को गणेश चौराहे से विजय चौक तक नाले पर से अतिक्रमण हटाया। साथ ही पोकलेन से नाले की सफाई की गई। उधर, नायब तहसीलदार सतीश चंद्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में जंगल सिकरी खोराबार में नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण हटाया। साथ ही हिदायत दी गई कि फिर से अतिक्रमण करने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।