गोरखपुर जिले में गोरखनाथ इलाके के गोकुल अपार्टमेंट के सामने शहर के बड़े सराफ व्यापारी मुन्नीलाल सर्राफ के प्रोपराइटर अजय वर्मा की मंगलवार की देर रात में रहस्यमय हाल में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सड़क पर उनका शव मिला।
बिना पोस्टमार्टम कराए ही घरवालों ने अजय वर्मा का अंतिम संस्कार कर दिया। अजय वर्मा के बड़े बेटे अकाश पिता की मौत कैसे हुई इस पर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। उनका कहना है कि पिता की मौत से दुखी हैं अभी कुछ नहीं कह सकते हैं। वहीं दूसरी तरफ छत की तीसरी मंजिल से संदिग्ध हाल में गिरने से मौत की बात कही जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, गोरखनाथ थाना क्षेत्र के जटेपुर तरंग ओवरब्रिज स्थित गोकुल अपार्टमेंट के सामने अजय कुमार वर्मा का मकान है। उनकी अलीनगर चौराहे पर मुन्नी सर्राफ के नाम से ज्वैलरी की दुकान चलाते थे। उनकी शहर में इसी नाम से उनके अन्य कई प्रतिष्ठान भी है।
परिवार में उनकी पत्नी चंदा देवी के अलावा दो बेटे आकाश वर्मा और अभिषेक वर्मा व दोनों बेटों की पत्नी और उनके दो बेटे रहते हैं। इंस्पेक्टर गोरखनाथ रामाज्ञा सिंह ने बताया कि सराफ की मौत छत से गिरने की वजह से हुई है। परिवारवालों ने पुलिस को मौत की सूचना तक नहीं दी थी।
मोहल्ले के लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची तो पोस्टमार्टम कराने के लिए कोई तैयार नहीं था। न ही घर और नहीं बाहर के किसी व्यक्ति ने किसी तरह की कोई शिकायत की इसलिए पोस्टमार्टम नहीं कराया गया।